उत्तर प्रदेश के बागपत से एक बेहद प्यारा और दिलचस्प वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो के केंद्र में है एक लंगूर, जिसका नाम 'मटरू' है, और जिले की डीएम अस्मिता लाल. आपको बता दें कि बागपत कलेक्ट्रेट परिसर में किसान नेता अपनी मांगों को लेकर गंभीर धरना दे रहे थे. माहौल काफी तनावपूर्ण और तल्ख था. इसी बीच 'मटरू' नाम का एक लंगूर, जो कलेक्ट्रेट परिसर में ही रहता है, धरने के बीच आकर बैठ गया. मटरू की मौजूदगी से धरने का गंभीर माहौल अचानक मस्ती और मुस्कान में बदल गया.
ADVERTISEMENT
जब डीएम अस्मिता लाल किसानों का ज्ञापन लेने और उनकी समस्याएं सुनने धरना स्थल पर पहुंचीं, तो मटरू उनके पास पहुंच गया. मटरू कभी डीएम मैडम का हाथ खींचता, तो कभी उनका पल्लू पकड़ता. जब डीएम वहां से जाने लगीं, तो मटरू ने उनकी साड़ी पकड़ ली, मानो वह उन्हें रुकने के लिए कह रहा हो. डीएम ने मटरू को प्यार से और हल्की सी फटकार लगाई.
IAS अस्मिता लाल अपनी प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ अपनी संवेदनशीलता और पशु प्रेम के लिए भी जानी जाती हैं. इससे पहले भी वह स्ट्रीट डॉग्स के लिए 'पप्पी हाउस' बनवाने और पक्षियों के लिए घर तैयार करवाने जैसी पहलों के कारण सुर्खियों में रही हैं.
ADVERTISEMENT









