पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर शहीद के पार्थिक शरीर को लेकर जा रही एंबुलेंस को वाहन ने मारी टक्कर, 4 लोगों की हुई मौत

यूपी तक

• 04:28 PM • 04 Oct 2026

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. चंडीगढ़ में तैनात शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर एंबुलेंस उनके गृह जनपद देवरिया जा रही थी.

Google CTA

Sultanpur Ambulance Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. चंडीगढ़ में तैनात शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर एंबुलेंस उनके गृह जनपद देवरिया जा रही थी. इसी दौरान अयोध्या-सुल्तानपुर बॉर्डर पर हलियापुर थाना क्षेत्र में 79.6 किलोमीटर के पास एंबुलेंस की एक अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई. टक्कर के बाद एंबुलेंस बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी. हादसे में एंबुलेंस में सवार चार लोगों की मौत हो गई.

यह भी देखें...

शहीद के पार्थिव शरीर के साथ भाई, बेटा और भतीजा थे

शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान गलिया दुधैला गांव, थाना रुद्रपुर, जनपद देवरिया के रहने वाले थे. उनका पार्थिव शरीर परिजन एंबुलेंस से देवरिया लेकर जा रहे थे. एंबुलेंस में सत्यवान के भाई राजन चौधरी पुत्र भूपति सिंह, भतीजे राम समुझ पुत्र जयसिंह, बेटे गौरव सिंह पुत्र सत्यवान और चालक जसपाल मौजूद थे. बताया गया कि सुबह एंबुलेंस जब हलियापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 79.6 किलोमीटर के पास पहुंची, तभी यह हादसा हो गया. अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी. टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

बेटे और चालक ने मौके पर तोड़ा दम

इस हादसे में शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के बेटे गौरव सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं राजन चौधरी और राम समुझ सिंह गंभीर रूप से घायल हुए. दोनों को इलाज के लिए सैय्या अस्पताल, पिठला कुमारगंज, जनपद अयोध्या ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में एंबुलेंस सवार चार लोगों की जान चली गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को कब्जे में लिया. पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम समेत अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर शुरू की कार्रवाई

हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दे दी गई है. पुलिस पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है. वहीं शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर थाना परिसर में सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा गया है. हादसे के बाद घटना को लेकर परिजनों में शोक का माहौल है. जिस एंबुलेंस में सत्यवान का पार्थिव शरीर देवरिया ले जाया जा रहा था, उसी में सवार उनके बेटे, भाई, भतीजे और चालक इस हादसे की चपेट में आ गए.

 CM योगी ने हादसे पर जताया दुख

सुल्तानपुर में हुए इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुई दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुखद है और उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से संवाद करने और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं. साथ ही उन्होंने प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्माओं को सद्गति प्रदान करने की प्रार्थना की है.