होलिका भस्म की पूजा, गोवंश को खिलाया गुड़... सीएम योगी आदित्यनाथ की होली कुछ ऐसी रही

होली के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोरखपुर में पारंपरिक और आध्यात्मिक अंदाज देखने को मिला.गोरक्षपीठाधीश्वर ने गोरखनाथ मंदिर में होलिका भस्म की पूजा कर और भगवान श्रीनाथ जी को भस्म अर्पित कर उत्सव की शुरुआत की.

CM Yogi Holi Celebration

यूपी तक

05 Mar 2026 (अपडेटेड: 05 Mar 2026, 12:03 PM)

follow google news

होली के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ का एक अलग और आध्यात्मिक रूप देखने को मिला. बुधवार सुबह गोरखपुर के प्रसिद्ध गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होली मनाने की शुरुआत की. होलिका भस्म की पूजा से लेकर गोवंश की सेवा तक, सीएम योगी का होलिकोत्सव पूरी तरह से लोक आस्था और परंपराओं के रंग में रंगा नजर आया.

यह भी पढ़ें...

होलिका भस्म से हुई उत्सव की शुरुआत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के होलिकोत्सव की शुरुआत बुधवार सुबह मंदिर परिसर के मेला ग्राउंड से हुई. बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर, उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होलिका दहन स्थल पर जाकर 'सम्मत की राख' (होलिका भस्म) की विधि-विधान से पूजा की और आरती उतारी. पूजा के बाद उन्होंने स्वयं भस्म का तिलक लगाया. परंपरा का निर्वहन करते हुए मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ सहित अन्य साधु-संतों ने भी गोरक्षपीठाधीश्वर को भस्म का तिलक लगाकर आशीर्वाद लिया. मुख्यमंत्री ने भी सभी संतों और उपस्थित श्रद्धालुओं को तिलक लगाकर होली की मंगलकामनाएं दीं.

श्रीनाथ जी को भस्म अर्पण और फाग का आनंद

होलिका दहन स्थल से मुख्यमंत्री सीधे गुरु गोरखनाथ के मुख्य मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीनाथ जी को होलिका की पवित्र भस्म अर्पित की. इसके बाद मंदिर के सिंह द्वार पर आयोजित पारंपरिक फाग गीतों के कार्यक्रम में वे शामिल हुए. सीएम योगी ने कुछ समय रुककर फाग का आनंद लिया. इस दौरान वहां मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने अपने प्रिय मुख्यमंत्री पर रंगों, अबीर-गुलाल और फूलों की वर्षा कर जमकर होली खेली.

गोशाला में उमड़ा प्रेम: गोवंश को लगाया गुलाल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गो-प्रेम जगजाहिर है. होली के खास मौके पर वे मंदिर की गोशाला पहुंचे और वहां मौजूद गोवंश के साथ समय बिताया. सीएम योगी ने न केवल गोवंश को भस्म और गुलाल लगाकर उनके लिए मंगलकामना की, बल्कि उन्हें अपने हाथों से गुड़ खिलाकर गोसेवा भी की. जैसे ही मुख्यमंत्री ने गोशाला में गोवंश को आवाज दी, वे दौड़ते हुए उनके पास चले आए. मुख्यमंत्री ने बड़े दुलार से उनके माथे और गर्दन को सहलाया.

सद्भाव और परंपरा का संदेश

गोरखनाथ मंदिर की यह होली न केवल मनोरंजन का साधन रही, बल्कि इसने सामाजिक समरसता और सनातन परंपराओं का संदेश भी दिया. सीएम योगी ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को होली की बधाई देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.