Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के लोनी में रहने वाले नितिन कुमार ने 1 साल पहले मुस्लिम युवती मुस्कान अली से लव मैरिज की थी. युवती ने अपने परिवार के खिलाफ जाकर नितिन का हाथ थामा था. दोनों ने मंदिर में शादी की और फिर साथ रहने लगे. मगर अब नितिन को इस शादी की कीमत चुकानी पड़ गई है. नितिन को लगा कि अब शायद ससुराल वाले शादी के लिए मान गए होंगे. मगर उसे ये नहीं पता था कि ससुराल वाले सिर्फ एक मौके की तलाश में बैठे हैं और उनके मन में खूनी साजिश चल रही है.
ADVERTISEMENT
बता दें कि अब मुस्कान अली के परिजनों ने नितिन की हत्या कर दी है. इस हत्याकांड से क्षेत्र में सनसनी मच गई है. पीड़ित परिवार भड़का हुआ है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है. आरोप है कि ससुराल पक्ष ने नितिन की पीट-पीटकर हत्या की है. उसका गला दबाकर भी उसे मार डाला है.
ससुराल वालों ने नितिन को बुलाया था
पीड़ित परिजनों ने थाना टीलामोड़ में एफआईआर दर्ज करवाई है. मृतक नितिन के बड़े भाई अमित ने बताया, मुस्लिम युवती से लव मैरिज करने के बाद से ही लड़की का परिवार भड़का हुआ था. इसी बीच कुछ दिन पहले नितिन और मुस्कान के बीच कहासुनी हो गई थी. इसके बाद मुस्कान मायके चली गई थी. घटना वाले दिन ससुराल वालों ने ही नितिन को बुलाया था. लगा कि सुलह के लिए बुलाया है.
आरोप है कि वहां जाते ही नितिन को किसी बहाने से गाड़ी में बैठा लिया. इस दौरान दूसरी गाड़ी भी मौके पर आ गई. फिर मुस्कान अली के पिता मेहरुदीन और चाचा आसिफ ने नितिन को घेर लिया. इसके बाद उसकी पिटाई शुरू कर दी और आखिर में उसका गला दबा दिया.
पुलिस ने लिया एक्शन
बता दें कि इस मामले में पुलिस ने मुस्कान के पापा मेहरुदीन और चाचा आसिफ अली को नामजद आरोपी बनाया है. इसी के साथ 4 अज्ञात के खिलाफ भी केस दर्ज किया है. पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पीड़ित परिवार घटना को लेकर गुस्से में हैं. परिवार ने इंसाफ के लिए नितिन का शव रखकर प्रदर्शन भी किया. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह से परिवार को समझाया और जाम भी खुलवाया. पुलिस अधिकारी अतुल कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस इस मामले की जांच गंभीरता के साथ कर रही है.
ADVERTISEMENT









