गाजियाबाद के लोनी में एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. घटना के तीन दिन के भीतर ही पुलिस मुठभेड़ में हमले के दूसरे मुख्य आरोपी गुलफाम को भी ढेर कर दिया गया है. इससे पहले एक अन्य आरोपी जीशान भी मुठभेड़ में मारा जा चुका था.
ADVERTISEMENT
3 मार्च 2026 की रात करीब 9:20 बजे गाजियाबाद क्राइम ब्रांच को एक गुप्त सूचना मिली कि सलीम वास्तिक पर हमला करने वाला 1 लाख रुपये का इनामी बदमाश गुलफाम फरार होने की फिराक में है. इस टिप-ऑफ के बाद पुलिस, स्वॉट (SWAT) और क्राइम ब्रांच की टीमें तुरंत अलर्ट हो गईं और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी.
लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का इशारा किया और उन्हें सरेंडर करने को कहा. पुलिस के दावों के मुताबिक, सरेंडर करने के बजाय गुलफाम ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुलफाम गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मौके से क्या हुआ बरामद
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- एक ऑटोमेटिक माउजर (हथियार)
- मैगजीन
- एक मोटरसाइकिल
- अब पुलिस इस एंगल से जांच कर रही है कि आरोपी के पास ऑटोमेटिक हथियार कहां से आया और इस सप्लाई चेन के पीछे किसका हाथ है.
ये है पुलिस का आधिकारिक बयान
डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि कमिश्नरेट की नीति अपराध के प्रति 'जीरो टॉलरेंस' की है. उन्होंने कहा, "सलीम वास्तिक पर हमले में दो मुख्य आरोपी थे जीशान और गुलफाम. जीशान पहले ही मारा जा चुका था. दूसरे आरोपी गुलफाम की सूचना मिलने पर घेराबंदी की गई. उसने पुलिस पर फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुआ, जिसकी बाद में मौत हो गई."
फरार साथी की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, कहानी अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. मुठभेड़ के दौरान बाइक पर गुलफाम के साथ एक और व्यक्ति सवार था, जो अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. पुलिस उस फरार साथी की तलाश में दबिश दे रही है. आपको बता दें कि मारे गए दोनों आरोपी 1 लाख के इनामी थे और उन्होंने एक जघन्य वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस फिलहाल उनके पूरे अपराधिक इतिहास और हमले के पीछे की मुख्य वजहों की तफतीश कर रही है. लोनी में हुई इस त्वरित कार्रवाई ने कड़ा संदेश दिया है कि कानून को चुनौती देने वालों का हिसाब ऑन द स्पॉट होगा.
ये भी पढ़ें: एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक का गला रेतने वाला गुलफाम भी एनकाउंटर में मारा गया, अब इस मामले में सब पता चला
ADVERTISEMENT









