Abaan Ahmed Death: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की सड़क हादसे में मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है. सबसे बड़ा सदमा उसके बड़े भाई अली अहमद को ही लगा, जो इस समय झांसी जेल में बंद है. बताया जा रहा है कि जिस भाई से मिलने के लिए अबान प्रयागराज से निकला था, उसी भाई को जब उसकी मौत की खबर मिली तो वह खुद को संभाल नहीं सका.
ADVERTISEMENT
सूत्रों के मुताबिक, झांसी जेल में बंद अली अहमद पूरी रात सो नहीं सका. बताया जा रहा है कि उसने खाना भी नहीं खाया और देर रात तक अपने छोटे भाई को याद कर सिसकियां लेता रहा.
भाई से मिलने आते-आते खत्म हो गया सफर
जानकारी के मुताबिक, अबान अहमद अपनी कार से पांच साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी के लिए निकला था. उसका मकसद झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करना था, लेकिन झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में उसकी कार डिवाइडर से टकरा गई और हादसे में उसकी मौत हो गई.
हादसे की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, वैसे ही इसकी सूचना झांसी जेल में बंद अली अहमद को भी दी गई. बताया जा रहा है कि यह खबर सुनते ही वह गहरे सदमे में चला गया.
पूरी रात नहीं सो सका अली
जेल से जुड़े गोपनीय सूत्रों के मुताबिक, अली अहमद अपने भाई की मौत की खबर सुनकर फूट-फूटकर रो पड़ा. बताया जा रहा है कि उसने रात का खाना नहीं खाया और पूरी रात करवटें बदलते हुए बिताई. भाई की याद उसे लगातार परेशान करती रही.
सूत्रों का कहना है कि अबान अक्सर अपने भाई से मिलने झांसी जेल आता था. बाल सुधार गृह से छूटने के बाद उसने कई बार जेल जाकर अली से मुलाकात की थी. दोनों भाइयों के बीच लगातार संपर्क बना हुआ था और परिवार की बातें भी मुलाकात के दौरान साझा होती थीं.
कार से मिले दो अंग्रेजी उपन्यास
हादसे के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने कार की तलाशी ली. जांच के दौरान कार से दो अंग्रेजी उपन्यास भी मिले. माना जा रहा है कि ये किताबें अली अहमद के लिए लाई जा रही थीं, ताकि जेल में वह उन्हें पढ़ सके. हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.
इसके अलावा कार से अन्य सामान भी बरामद हुआ है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है. पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम के बाद प्रयागराज भेजे गए शव
देर रात अबान अहमद और उसके साथी शाकिर उर्फ सोनू के शवों का पोस्टमार्टम पूरा किया गया. इसके बाद दोनों के शव कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज भेज दिए गए.
परिजनों के मुताबिक, जुमे की नमाज के बाद अबान अहमद को सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा. वहीं, उसके साथी सोनू का अंतिम संस्कार भी उसके गांव में किया जाएगा. पूरे मामले को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
ADVERTISEMENT











