UP Mansoon Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को फिलहाल कुछ और दिन इंतजार करना होगा. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 24 जून तक प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है और पूरब से लेकर पश्चिम तक गर्मी का असर बना रहेगा. हालांकि, राहत की बात यह है कि 25 जून से मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT
45 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अरब सागर से आने वाली नमी का प्रवाह फिलहाल कमजोर बना हुआ है. वहीं उत्तर-पश्चिम भारत से चल रही शुष्क और गर्म हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश में कोई मजबूत मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं हो पा रही है. इसी वजह से 24 जून तक राजधानी लखनऊ समेत करीब 35 जिलों में भीषण गर्मी और लू का दौर जारी रहने की संभावना है. इस दौरान कई इलाकों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है, जिससे दोपहर के समय लोगों को तेज गर्म हवाओं का सामना करना पड़ेगा.
यूपी में बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विभाग का अनुमान है कि 25 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश के रास्ते प्री-मानसून गतिविधियां प्रदेश में प्रवेश करेंगी. इसके प्रभाव से गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, भदोही, बस्ती, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर, आजमगढ़, मऊ और बलिया सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि बिहार से सटे होने के कारण इन जिलों में सबसे पहले बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं.
पश्चिमी यूपी को अभी करना होगा इंतजार
मौसम विभाग ने साफ किया है कि 25 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में होने वाली बारिश मानसून की दस्तक का संकेत जरूर देगी, लेकिन इसका असर पूरे प्रदेश में तुरंत देखने को नहीं मिलेगा. मध्य उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर जैसे शहरों और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, नोएडा तथा आगरा समेत अन्य जिलों में अच्छी बारिश पहुंचने में करीब एक सप्ताह का समय और लग सकता है. ऐसे में पूरे प्रदेश में झमाझम मानसूनी बारिश के लिए लोगों को अभी लगभग दो सप्ताह तक इंतजार करना पड़ सकता है.
ADVERTISEMENT










