UP Weather Update: यूपी में मॉनसून की एंट्री को लेकर आ गया बड़ा अपडेट, मौसम विभाग ने बताया बारिश का सटीक समय

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में अगले 48 से 72 घंटों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार जून के आखिरी सप्ताह में अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश होगी जिससे तापमान गिरेगा और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी.

UP Weather Update

UP Weather Update

यूपी तक

• 07:00 AM • 28 Jun 2026

follow google news

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच लोगों को अब मॉनसून का इंतजार है. मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून देश के कई हिस्सों को अपनी आगोश में लेते हुए तेजी से आगे बढ़ रहा है. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 48 से 72 घंटों यानी महज 2 से 3 दिनों के भीतर मानसून उत्तर प्रदेश में धमाकेदार एंट्री कर लेगा. जून के इस आखिरी हफ्ते में यूपी के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है.

यह भी पढ़ें...

यूपी में जल्द होगी मॉनसून की एंट्री

मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून के उत्तर प्रदेश में दाखिल होने और उसके बाद अगले दो-तीन दिनों के दौरान पूरे सूबे में आगे बढ़ने के लिए मौसमी परिस्थितियां पूरी तरह से अनुकूल बनी हुई हैं. जो लोग लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे थे उनके लिए अब राहत की घड़ी आ चुकी है.

कहां तक पहुंच चुकी है मॉनसून की सीमा

मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने देश के कई राज्यों में अपनी रफ्तार तेज कर दी है. मॉनसून उत्तर-पूर्वी अरब सागर, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों को कवर कर चुका है. इसके अलावा, इसने महाराष्ट्र के शेष भागों, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ और इलाकों में भी अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है. इस समय मॉनसून की उत्तरी सीमा सूरत, इंदौर, मांडला, डाल्टनगंज और बिहार के मोतिहारी से होकर गुजर रही है.

पूर्वांचल के रास्ते यूपी में होगी एंट्री

चूंकि मॉनसून बिहार के मोतिहारी तक पहुंच चुका है इसलिए भौगोलिक रूप से यह अब उत्तर प्रदेश के बॉर्डर के बेहद करीब है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन दिनों में मानसून पूर्वांचल (पूर्वी उत्तर प्रदेश) के रास्तों से राज्य में प्रवेश कर जाएगा. पूर्वांचल में दस्तक देने के बाद अगले दो-तीन दिनों के भीतर यह आगे बढ़ते हुए मध्य यूपी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों को भी अपनी आगोश में ले लेगा. इसके बाद पूरे प्रदेश में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी और लोगों को इस तपती और चिपचिपी गर्मी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी.