UP Weather: आज यूपी के 40 जिलों में बारिश का अलर्ट, 2 सितंबर तक के मौसम का आ गया बड़ा अपडेट!

यूपी तक

• 06:00 AM • 30 Aug 2026

UP Weather: यूपी में मानसून फिर सक्रिय हो गया है. 30 अगस्त को पूर्वी यूपी, तराई और बुंदेलखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है. सोनभद्र में येलो अलर्ट जारी हुआ है. मौसम विभाग ने लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी.

UP Weather Update

UP Weather Update

Google CTA

UP Weather: उत्तर प्रदेश में सुस्त पड़े मानसून ने एक बार फिर करवट ले ली है और राज्य में झमाझम बारिश का नया दौर शुरू होने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मानसून फिर से पूरी रफ्तार पकड़ रहा है. 30 अगस्त को जहां पश्चिमी यूपी में बादलों की आवाजाही और हल्की बौछारें देखने को मिलेंगी. वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में बादलों की तगड़ी कड़क के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने 30 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए आम लोगों से लेकर किसानों तक के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है. अगर आप भी 30 अगस्त को घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं तो पहले जान लीजिए अपने जिले के मौसम का हाल.

यह भी पढ़ें...

पूर्वांचल में दिखेगा मानसून का रौद्र रूप

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 30 और 31 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में मानसून ज्यादा मेहरबान रहेगा और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश होगी. 1 और 2 सितंबर को यह बारिश और भी विकराल रूप ले सकती है. पश्चिमी यूपी में 30 अगस्त से 1 सितंबर तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. हालांकि कहीं-कहीं हल्की-फुल्की बौछारें पड़ सकती हैं. 2 सितंबर से यहां भी बारिश का दायरा बढ़ने की उम्मीद है. लखनऊ में 30 अगस्त को दिन भर बादलों का डेरा रहेगा. यहां का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

सोनभद्र में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सोनभद्र और उसके आसपास के इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है. इसके अलावा 30 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश, तराई और बुंदेलखंड के इन प्रमुख जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश होने की प्रबल संभावना है.

पूर्वांचल व विंध्य क्षेत्र: मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज.

अवध व तराई बेल्ट: प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमरोहा, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी और बाराबंकी.

बुंदेलखंड: चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर और फतेहपुर.

बिजली कड़कने और बाढ़ का खतरा

मौसम विभाग ने आम जनजीवन पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है.

संभावित खतरे: निचली बस्तियों में पानी भरने, बिजली गुल होने, कच्चे मकानों/छप्परों को नुकसान पहुंचने और स्थानीय नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की आशंका जताई गई है.

सावधानी बरतें: बारिश और बिजली कड़कने के दौरान खुले में या पेड़ के नीचे शरण न लें, पक्के मकानों में रहें. उफान मारते नदी-नालों और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहें.

किसानों के लिए खास सलाह: धान, मक्का, गन्ना, अरहर और हरी सब्जियों के खेतों में पानी रुकने न दें और जल निकासी का पुख्ता इंतजाम रखें. बारिश के दौरान खेतों में किसी भी तरह के कीटनाशक या उर्वरक का छिड़काव न करें.

ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव में बीजेपी से कितनी सीट की डिमांड करेंगे राजभर-निषाद और अनुप्रिया पटेल? समझिए 'सीट शेयरिंग' का गणित