UP Monsoon: यूपी के इन जिलों में 60km की रफ्तार से आएगी आंधी! आठ शहरों में तो खूब होगी बारिश

यूपी तक

• 07:00 AM • 07 Jul 2026

उत्तर प्रदेश में 7 जुलाई को मानसून पूरी तरह सक्रिय रहने वाला है. मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है.

UP Tak
Google CTA

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार तेज हो गई है. अगर आप आज यानी 7 जुलाई को घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं तो एक बार मौसम का हाल जरूर जान लें. मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है.  

यह भी पढ़ें...

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम और मानसून की सक्रियता के कारण पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के तमाम जिलों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है. आज यूपी के कुछ हिस्सों में तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश होने की पूरी संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत तो मिलेगी, लेकिन साथ ही सतर्क रहने की भी जरूरत है.  

इन जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम केंद्र लखनऊ की रिपोर्ट के अनुसार, 7 जुलाई को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग रूप देखने को मिलेगा. विशेष रूप से आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर जैसे क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना बहुत अधिक है.  

इसके साथ ही, प्रदेश के एक बड़े हिस्से में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने के आसार हैं, जिनकी गति बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी पहुंच सकती है. इन हवाओं और आकाशीय बिजली का असर लखनऊ, कानपुर, अयोध्या, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, गोरखपुर, बस्ती, बहराइच, और सहारनपुर समेत आस-पास के कई जिलों में देखने को मिल सकता है.  

अगले कुछ दिनों तक कैसा रहेगा मौसम?

राहत की बात यह है कि बारिश के इस सिलसिले से तापमान में भी बड़ी गिरावट आने वाली है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद दिन के अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस और रात के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है. यानी आने वाले दिनों में यूपी वालों को अच्छी उमस भरी गर्मी से निजात मिल जाएगी.