Jewar Airport: उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से देश के 16 बड़े शहरों के लिए सीधी हवाई यात्रा आधिकारिक तौर पर शुरू हो चुकी है. इस नई हवाई यात्रा के शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों को सफर करने में आसानी होगी. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने हरी झंडी दिखाकर इन नई उड़ानो का शुभारंभ किया है.
ADVERTISEMENT
जेवर एयरपोर्ट के शुरू होने से दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशल एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ का दबाव कम होगा, इसके साथ ही नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाज़ियाबाद और आसपास के कई शहरों के यात्रियों को फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली के भारी ट्रैफिक से नहीं जूझना पड़ेगा. यात्री सीधे जेवर एयरपोर्ट जाकर अपनी फ्लाइट आसानी से पकड़ सकते हैं.
16 शहरों से सीधा जुड़ाव
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब यात्रियों को देश के कई बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ान मिलेगी. इनमें मुंबई, नवी मुंबई, हैदराबाद और लखनऊ जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं. इसके अलावा अमृतसर, बरेली, बेंगलुरु, भोपाल, चंडीगढ़, देहरादून, धर्मशाला, जयपुर, जम्मू, जोधपुर, किशनगढ़ और पंतनगर के लिए भी सीधी फ्लाइट शुरू हो गई है. पंतनगर के लिए हर दिन दो उड़ानें संचालित की गई हैं, जिसके चलते उत्तराखंड के यात्रियों को ट्रैवल करने में आसानी होगी.
यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
जेवर एयरपोर्ट पर उड़ाने शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के लोगों को हवाई यात्रा करने.के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. पहले इन लोगों को हवाई यात्रा करने के लिए दिल्ली के भारी ट्रैफिक और लंबे जाम का सामना करना पड़ता था. जेवर एयरपोर्ट शुरू होने से यात्रियों का समय भी बचेगा और यात्रा का खर्च भी कम होगा. इसका सबसे ज्यादा फायदा नौकरी करने वाले लोगों, व्यापारियों, छात्रों और पर्यटकों को मिलेगा.
दिल्ली एयरपोर्ट का दबाव होगा कम
नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा के लोगों को इस एयरपोर्ट का सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा. दिल्ली के करीब होने के कारण इससे यात्रियों के समय और पैसे दोनों की भारी बचत होगी. इस एयरपोर्ट पर इंडिगो और आकासा एयर जैसी बड़ी एयरलाइंस अपनी उड़ानें भर रही हैं, जिससे दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्रियों की भारी भीड़ कम होने की उम्मीद है.
किसानों को कराई गई विशेष यात्रा
नोएडा इंटरनेशल एयरपोर्ट ने अपनी व्यावसायिक यात्रा की शुरुआत लखनऊ से जेवर एयरपोर्ट पर आने वाली इंडिगो की 6E-2278 फ्लाइट के साथ शुरू की थी. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने एरपोर्ट से उड़ानों का आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया था. उद्घाटन के मौके पर जेवर क्षेत्र के 170 स्थानीय किसानों को एक विशेष उड़ान के जरिए लखनऊ भेजा गया था. इन किसानों ने एयरपोर्ट निर्माण के लिए अपनी जमीनें दी थी. तो वहीं इस उद्घाटन के दौरान बेंगलुरु के लिए पहली कमर्शियल फ्लाइट ने भी उड़ान भरी थी, जिसमें 138 यात्री सवार थे.
भविष्य के लिए बड़ी तैयारी
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में शामिल है. इसे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. एयरपोर्ट को सड़क, मेट्रो और रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की योजना बनाई गई है. इससे दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. आने वाले समय में यह एयरपोर्ट घरेलू के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय यात्राओं के लिए भी उड़ान भरेगा.
ADVERTISEMENT











