मेरठ की 2 लापता बहनें पुलिस को मुंबई में मिली तो पता चली कोरियन सॉन्ग को लेकर हैरान कर देने वाली बात

UP News: मेरठ की 2 सगी बहनें लापता हो गईं थीं. अब पुलिस ने दोनों को सुरक्षित मुंबई से बरामद किया है. इसके बाद जो कहानी सामने आई है, उसने पुलिस को भी चौंका दिया है.

UP News

उस्मान चौधरी

• 06:15 PM • 16 Mar 2026

follow google news

UP News:  मेरठ में 10 मार्च के दिन 2 बहने घर से लापता हुई थी. इसके बाद से ही पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी. बता दें कि अब पुलिस ने मेरठ की इन दोनों बहनों को मुंबई में बरामद कर लिया है. पुलिस ने दोनों को मुंबई के एक होटल से सुरक्षित बरामद किया है. इसके बाद पुलिस दोनों को मेरठ वापस ले आई है. मुंबई जाने के पीछे दोनों ने जो वजह बताई है, अब वह सभी को चौंका रही है.

यह भी पढ़ें...

पुलिस पूछताछ में दोनों बहनों ने बताया है कि उन्हें कोरियन सिंगर बनना है. इसके लिए वह मुंबई गई थीं. वहां उनका ऑडिशन था. इसलिए वह बिना किसी को बताए मुंबई चली गईं थी. फिलहाल पुलिस ने दोनों बहनों को आयशा ज्योति केंद्र में रखा है. पुलिस दोनों के कोर्ट में बयान दर्ज करवाएगी.

अचानक घर से गायब हो गईं थी बहनें

ये मामला मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र शास्त्री नगर से सामने आया था. यहां एक परिवार 10 मार्च के दिन पुलिस के पास पहुंचा. परिवार ने कहा कि उनकी 2 बेटियां, जिनकी उम्र 16-18 साल है, वह घर से गायब हैं. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी. महिला अधिकारी पूजा पवार के साथ 2 अन्य पुलिसकर्मियों की टीम को मामले की जांच सौंपी गई. जांच के बाद दोनों की लोकेशन मुंबई में मिली. टीम मुंबई गई और 14 मार्च के दिन पुलिस दोनों को मेरठ वापस ले आई.

कार से पहुंच गईं मुंबई

पुलिस ने जब इन दोनों बहनों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वह 10 भाषाओं में गाना गा सकती हैं. सिंगर बनने के लिए वह खुद ही कार से मुंबई पहुंची थी. कार ड्राइव नहीं कर सकती थी, इसलिए दोनों ने एक ऐप से 8 हजार रुपये में ड्राइवर बुक किया. 

पुलिस पूछताछ में दोनों ने बताया,  वह सिंगर बनने के लिए ही मुंबई पहुंची थी. दोनों ने यूट्यूब से ही गाने सुन सुनकर सीखे और अब दोनों 10 भाषाओं में गाने गा लेती हैं. तभी उन्हें पता चला कि मुंबई में कोरियन सिंगिंग शो का ऑडिशन हो रहा है. इसलिए वह दोनों मुंबई पहुंच गईं.

पुलिस ने ये बताया

इस पूरे मामले को लेकर मेरठ (सीओ सिविल लाइन) अभिषेक तिवारी ने बताया, 2 सगी बहनें घर से चली गई थीं. केस दर्ज करके, मामले की जांच के लिए टीम बनाई गई थी. दोनों को मुंबई से बरामद किया गया था. पूछताछ में सामने आया है कि दोनों को सिंगिंग का शौक है. उनको लगता है कि मुंबई जाकर उनका कैरियर बन जाएगा. उनको कई भाषाओं में सिंगिंग आती है. 

आपको बता दें कि बच्चियों के पिता की 1 साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है. घर में एक भाई है, जो पढ़ाई कर रहा है. मां घर का खर्चा चालने के लिए काम करती हैं. फिलहाल बेटियों के वापस आने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है.