सलीम वास्तिक केस से लेकर बदायूं तक, जीरो टॉलरेंस और 'क्विक एक्शन', कैसे योगी सरकार ने पीड़ितों को न्याय दिलाने में निभाई भूमिका

योगी सरकार का 'क्विक एक्शन' मॉडल: सलीम वास्तिक केस, बदायूं कांड और LPG कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस की नीति से अपराधियों में खौफ. सोशल मीडिया पर त्वरित फीडबैक और जमीनी कार्रवाई ने बदली उत्तर प्रदेश की तस्वीर.

CM Yogi

यूपी तक

• 02:01 PM • 16 Mar 2026

follow google news

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजनीति और प्रशासन में पिछले कुछ वर्षों में एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. कभी 'लचर कानून व्यवस्था' और 'लालफीताशाही' के लिए पहचाने जाने वाले इस प्रदेश में आज जीरो टॉलरेंस और क्विक एक्शन सरकार की पहचान बन चुके हैं. बीते एक महीने के दौरान योगी सरकार ने इसकी एक मजबूत झलकी फिर पेश की है. सलीम वास्तिक केस हो, बदायूं की कानून-व्यवस्था का मामला हो या फिर एलपीजी (LPG) की कालाबाजारी पर नकेल-योगी सरकार ने अपनी प्रशासनिक सक्रियता से न केवल जमीन पर पैठ बनाई है, बल्कि सोशल मीडिया के डिजिटल गलियारों में भी खूब प्रशंसा बटोरी है.

यह भी पढ़ें...

सलीम वास्तिक केस: कानून के इकबाल का संदेश

सलीम वास्तिक से जुड़ा मामला कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाला था. इस मामले में जिस तरह से यूपी पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने सक्रियता दिखाई उसने स्पष्ट कर दिया कि प्रदेश में अराजकता फैलाने वालों की कोई जगह नहीं है. अपराधी चाहे कितना भी रसूखदार क्यों न हो, वह कानून से ऊपर नहीं है. एनकाउंटर, त्वरित जांच और गिरफ्तारी ने जनता के बीच यह संदेश दिया कि अब फाइलों में धूल नहीं जमती बल्कि उन पर तुरंत फैसले होते हैं. इस कार्रवाई की गूंज सोशल मीडिया पर इसलिए भी ज्यादा हुई क्योंकि लोग अब 'न्याय की प्रक्रिया' को लाइव देखना और महसूस करना चाहते हैं.

एलपीजी कालाबाजारी: आम आदमी की रसोई पर पहरा

कालाबाजारी और जमाखोरी जैसे आर्थिक अपराध सीधे तौर पर आम आदमी की जेब और थाली पर असर डालते हैं.हाल ही में प्रदेश के विभिन्न जिलों में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ जो 'सर्जिकल स्ट्राइक' की गई, उसने भ्रष्टाचारियों की कमर तोड़ दी है. इस मामले में केवल छापेमारी ही नहीं हुई, बल्कि दोषियों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किए गए. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह स्पष्ट निर्देश रहा है कि गरीबों के हक पर डाका डालने वालों के खिलाफ कोई नरमी न बरती जाए. रसोई गैस की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए इन कदमों ने मध्यम वर्ग और ग्रामीण आबादी के बीच सरकार की छवि को और मजबूत किया है.

बदायूं डबल मर्डर केस

एलपीजी मामले के बीच बदायूं डबल मर्डर केस कानून व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती के रूप में आया.लेकिन सरकार के सख्त निर्देशों और पुलिस की त्वरित कार्रवाई की वजह से आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया गया. घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए बरेली मंडलायुक्त की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया. आरोपी की 6 दुकानों पर बुलडोजर चलेगा. शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे. लगातार एक्शन से सरकार ने साफ किया है अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.

सोशल मीडिया और डिजिटल गवर्नेंस की ताकत

आज का दौर सूचना का दौर है. योगी सरकार की सबसे बड़ी खूबी यह रही है कि वह सोशल मीडिया पर उठने वाली शिकायतों और चर्चाओं को केवल 'ट्रेंड' नहीं मानती, बल्कि उन्हें 'फीडबैक' की तरह लेती है. पुलिस और मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के हैंडल्स जिस तरह से शिकायतों पर जवाब देते हैं और संबंधित अधिकारियों को टैग कर कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं. उसने शासन को 'चेहरा' और 'आवाज' दी है. 'जमीन पर एक्शन और डिजिटल माध्यम पर पारदर्शिता' ने एक ऐसा चक्र बनाया है जहां अपराधी डरे हुए हैं और आम नागरिक सुरक्षित महसूस कर रहा है.

त्वरित एक्शन के पीछे की नीति: जीरो टॉलरेंस

योगी सरकार की इस सफलता का मूल मंत्र 'जीरो टॉलरेंस' की नीति है. यह नीति केवल कागजों तक सीमित नहीं है. अधिकारियों को यह स्पष्ट संदेश है कि अगर कानून-व्यवस्था में चूक हुई या भ्रष्टाचार का मामला सामने आया तो गाज गिरना तय है. पुलिस एनकाउंटर्स से लेकर बुलडोजर की कार्रवाई तक, उत्तर प्रदेश ने अपनी एक ऐसी छवि बनाई है जहां 'अपराध' का परिणाम 'सजा' के रूप में बहुत जल्द सामने आता है. यही कारण है कि आज अन्य राज्य भी अपराध नियंत्रण के लिए उत्तर प्रदेश के मॉडल का अध्ययन कर रहे हैं.

किसी भी लोकतंत्र में सरकार की सफलता इस बात पर निर्भर करती है कि वह संकट के समय कितनी तेजी से प्रतिक्रिया देती है. सलीम वास्तिक, बदायूं और एलपीजी कालाबाजारी के मामलों में योगी सरकार ने साबित किया है कि वह केवल योजनाएं ही नहीं बनाती, बल्कि उनकी राह में आने वाले कांटों को साफ करना भी जानती है. त्वरित एक्शन ने न केवल जनता का दिल जीता है, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया है कि उत्तर प्रदेश अब अराजकता का नहीं, बल्कि 'कानून के राज' का पर्याय बन चुका है.

जब प्रशासन चुस्त होता है और नेतृत्व सख्त होता है, तो जनता की प्रशंसा धरातल से लेकर सोशल मीडिया तक स्वतः ही उमड़ पड़ती है. योगी सरकार का यह 'क्विक एक्शन मोड' आधुनिक शासन व्यवस्था के लिए एक नजीर है.