Sunil Kumar Shukla Dismissal News: उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा से बर्खास्त किए जाने के बाद आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला का एक नया वीडियो सामने आया है. वीडियो में उन्होंने अपनी बर्खास्तगी पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य सरकार और बीजेपी पर तीखी टिप्पणी की है. वहीं, इससे पहले लखनऊ पुलिस ने विभागीय जांच में सोशल मीडिया और मीडिया मंचों के दुरुपयोग, अनुशासनहीनता तथा नियमों के लगातार उल्लंघन के आरोप सिद्ध होने के बाद उन्हें पुलिस सेवा से बर्खास्त करने की कार्रवाई की थी.
ADVERTISEMENT
वीडियो में सरकार और बीजेपी पर लगाए आरोप
वीडियो की शुरुआत में सुनील शुक्ला कहते हैं 'लिखा प्रदेश किस्मत में तो वतन को याद क्या करना, जहां बेदर्द हो हाकिम, वहां पर याद क्या करना. जय हिंद... वंदे मातरम्.' इसके बाद उन्होंने कहा 'मैं सिपाही सुनील शुक्ला, आज दिनांक 28 तारीख को मुझे उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है. मुझे इस बर्खास्तगी से तनिक भी नाराजगी उन काले अंग्रेजों से नहीं है, जिन्होंने मुझे बर्खास्त किया है. क्योंकि उनका चरित्र ही यही है कि आए दिन बिना किसी गलती के लोगों को सस्पेंड करते रहते हैं और बर्खास्त करते रहते हैं. वे लगातार दमनकारी चक्र चलाते रहते हैं.'
उन्होंने आगे कहा 'मुझे आपसे किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं है. यदि मुझे किसी से शिकायत है, तो उनसे है, जिनके लिए हमारे पूर्वजों ने, मेरे पिताजी ने, मेरी माताजी ने और हम सभी ने हमेशा बीजेपी को वोट देकर जिताया. आपने हमारे साथ जो यह कृत्य किया है, उसे हम हमेशा याद रखेंगे. हमारा परिवार, हमारा समाज और हमारे देश के लोग भी इसे हमेशा याद रखेंगे. अब बीजेपी वह बीजेपी नहीं रही. अब बीजेपी, ईस्ट इंडिया बीजेपी हो गई है.'
आगे भी कार्रवाई की आशंका जताई
वीडियो में सुनील शुक्ला ने कहा 'मैं पहले भी कह चुका था कि मेरा निलंबन होगा, फिर बर्खास्तगी होगी. आगे आने वाले समय में मेरे खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए जाएंगे और मेरी हत्या कराने का भी प्रयास किया जाएगा.' उन्होंने यह भी कहा 'मैं पूरे समाज से कहना चाहता हूं कि मैं कभी भी ऐसा कोई कृत्य नहीं करूंगा, जिससे हमारे समाज या हमारे परिवार के लोगों को दुख पहुंचे. लेकिन मेरे खिलाफ आगे जो भी मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, वे केवल एक साजिश का हिस्सा होंगे.'
विभागीय जांच के बाद हुई थी बर्खास्तगी
इससे पहले पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया था कि विभागीय जांच में सोशल मीडिया और मीडिया मंचों के दुरुपयोग, विभागीय अनुशासनहीनता तथा नियमों के लगातार उल्लंघन के आरोप सिद्ध पाए गए. जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला को उत्तर प्रदेश पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया. पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई विभागीय जांच में सामने आए निष्कर्षों के आधार पर की गई है.
ADVERTISEMENT










