Ram Mandir New CEO Jitendra Mishra: अयोध्या में राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले CEO के नाम का ऐलान हो गया है. रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट की कमान सौंपी गई है. CEO पद के लिए कुल 5,585 आवेदन आए थे, जिसके बाद स्क्रीनिंग कमेटी ने 16 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया और तीन नामों का पैनल ट्रस्ट के अध्यक्ष को सौंपा. अब जितेंद्र मिश्रा के नाम पर अंतिम मुहर लग गई है. ऐसे में राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO के तौर पर उनकी नियुक्ति के बाद उनके सैन्य करियर और अनुभव को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.
ADVERTISEMENT
39 साल से ज्यादा भारतीय वायु सेना में सेवा
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायु सेना के पूर्व फाइटर पायलट हैं. उन्होंने IAF में 39 सालों से अधिक समय तक सेवा दी है. उन्हें 6 दिसंबर 1986 को फाइटर पायलट के तौर पर भारतीय वायु सेना में कमीशन किया गया था. अपने लंबे सेवा करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण कमांड और स्टाफ पदों पर जिम्मेदारियां संभालीं. 1 जनवरी 2025 को उन्होंने भारतीय वायु सेना के वेस्टर्न एयर कमांड की कमान संभाली थी, जो IAF के प्रमुख ऑपरेशनल कमांड में से एक है. इसके कुछ ही महीनों बाद ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भी उन्होंने इस कमांड का नेतृत्व किया. बता दें देवरिया के भोपतापुरा गांव के रहने वाले हैं.
3000 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव
जितेंद्र मिश्रा एक फाइटर कॉम्बैट लीडर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट भी रहे हैं. उनके पास 3000 घंटे से अधिक उड़ान का अनुभव है. उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी, पुणे से शिक्षा हासिल की है. इसके अलावा वह एयर फोर्स टेस्ट पायलट्स स्कूल, बेंगलुरु, एयर कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, अमेरिका और रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज, ब्रिटेन के भी पूर्व छात्र हैं. उनके प्रशिक्षण और लंबे ऑपरेशनल अनुभव को भारतीय वायु सेना में महत्वपूर्ण माना जाता है.
इन अहम पदों पर भी संभाली जिम्मेदारी
अपने 38 सालों से अधिक के सेवा करियर में एयर मार्शल मिश्रा ने कई अहम पदों पर काम किया. इनमें फाइटर स्क्वाड्रन के कमांडिंग ऑफिसर, एयरक्राफ्ट एंड सिस्टम्स टेस्टिंग एस्टेब्लिशमेंट (ASTE) में चीफ टेस्ट पायलट और दो फ्रंटलाइन एयर बेस के एयर ऑफिसर कमांडिंग जैसे पद शामिल हैं. इसके अलावा उन्होंने डायरेक्टर (ऑपरेशनल प्लानिंग एंड असेसमेंट ग्रुप), एयर HQ (VB) में प्रिंसिपल डायरेक्टर (ASR), असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ (प्रोजेक्ट्स), कमांडेंट ASTE और इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ में डिप्टी चीफ (डॉक्ट्रिन, ऑर्गनाइजेशन और ट्रेनिंग) की जिम्मेदारी भी निभाई. राम मंदिर ट्रस्ट की नई जिम्मेदारी संभालने से पहले वह इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (ऑपरेशन्स) के डिप्टी चीफ थे.
अति विशिष्ट सेवा मेडल से भी सम्मानित
एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को उनकी सेवाओं के लिए 'अति विशिष्ट सेवा मेडल' और 'विशिष्ट सेवा मेडल' से सम्मानित किया जा चुका है. वेस्टर्न एयर कमांड की कमान संभालने के दौरान उन्होंने एयर मार्शल पंकज मोहन सिन्हा का स्थान लिया था. पंकज मोहन सिन्हा 39 सालों से अधिक की सेवा के बाद 31 दिसंबर 2024 को भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त हुए थे. अब रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले CEO के रूप में नई जिम्मेदारी मिली है.
5,585 आवेदनों के बाद हुआ चयन
राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने CEO की नियुक्ति के लिए 6 जुलाई से प्रक्रिया शुरू की थी. इस पद के लिए कुल 5,585 आवेदन प्राप्त हुए. इसके बाद जस्टिस (रिटायर्ड) प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली स्क्रीनिंग कमेटी ने 16 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया. कमेटी ने तीन नामों का लिफाफा ट्रस्ट के अध्यक्ष को सौंपा, जिसके बाद रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा के नाम पर सहमति बनी. अब वह अयोध्या में ट्रस्ट के CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे. उनके सामने मंदिर की व्यवस्था, सुरक्षा, वित्तीय पारदर्शिता और श्रद्धालुओं से जुड़ी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से संभालने की बड़ी जिम्मेदारी होगी.
ADVERTISEMENT











