महाकुंभ जा रहीं नाजिया इलाही पर मुस्लिम युवकों ने बोला हमला? इस दावे की पुलिसिया कहानी तो कुछ और निकली

गौरव कुमार पांडेय

25 Feb 2025 (अपडेटेड: 26 Feb 2025, 12:18 PM)

सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की नेता बताए जाने वालीं नाजिया इलाही सनसनीखेज दावे कर रही हैं. दरअसल नाजिया ने आरोप लगाया है कि जब वह महाकुंभ के लिए जा रही थीं, तब उनके ऊपर मुस्लिम समाज के लोगों ने हमला बोला.

Nazai Elahi Khan

Nazai Elahi Khan

Google CTA

UP News: सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की नेता बताए जाने वालीं नाजिया इलाही सनसनीखेज दावे कर रही हैं. दरअसल नाजिया ने आरोप लगाया है कि जब वह महाकुंभ के लिए जा रही थीं, तब उनके ऊपर मुस्लिम समाज के लोगों ने हमला बोला. हालांकि, यूपी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह घटना एक सड़क हादसे से जुड़ी है. पुलिस ने लोगों से इस घटना के बारे में सोशल मीडिया पर भ्रामक और आधारहीन पोस्ट न करने की सलाह दी. अब आप खबर में आगे विस्तार से जानिए क्या है पूरा विवाद 

यह भी पढ़ें...

सबसे पहले जानिए नाजिया ने क्या दावा किया? 

मगर नाजिया इलाही ने 24 फरवरी को अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर एक वीडियो साझा किया था. इसमें उन्होंने बताया कि दिल्ली में एक बैठक के बाद वे प्रयागराज में महाकुंभ के लिए गंगा स्नान करने निकली थीं. उनके साथ यूट्यूबर प्रिया चतुर्वेदी भी थीं. नाजिया ने वीडियो में दावा किया कि एटा जिले में कुछ युवकों ने उनका पीछा किया. 

 

 

उन्होंने कहा, “मैं प्रयागराज स्नान के लिए जा रही थी. इस दौरान कुछ मुस्लिम युवकों ने मेरा पीछा किया. मेरे साथ प्रिया थी, जो मेरी बहन जैसी है. हमारे साथ एक 19 साल की लड़की भी थी. एटा से पीछा करते हुए इन युवकों ने हमारी कार को बुरी तरह से दुर्घटनाग्रस्त कर दिया.” उन्होंने आगे बताया कि उनकी साथी प्रिया का सिर फट गया है. नाजिया ने कहा, “मेरे हाथ में चोट लगी है, खून बह रहा है. मुझे नहीं पता कि वो बचेगी या नहीं. उनका निशाना मैं थी, लेकिन वो सामने आ गई. कृपया मेरी मदद करें.”

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस ने बताया कि हादसा ड्राइवर को नींद आने की वजह से हुआ. कानपुर देहात पुलिस ने अपने आधिकारिक हैंडल से नाजिया के पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा कि यह दुर्घटना ड्राइवर को अचानक झपकी लगने के कारण हुई. पुलिस ने लिखा, "24 फरवरी को सुबह सात बजे अकबरपुर से कानपुर की ओर हाईवे पर आनंदेश्वर कोल्ड स्टोरेज के सामने यह हादसा हुआ. एक अर्टिगा कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की.”

पुलिस ने आगे लिखा, "कार चालक ने पूछताछ में बताया कि उसे नींद आ गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ. कार्यवाई के लिए शिकायती पत्र मांगा गया, लेकिन किसी ने भी कोई कार्रवाई कराने से मना कर दिया. इस मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं हुई."

 

 

पुलिस ने बताया कि इसके बाद स्थानीय पुलिस ने दूसरी गाड़ी की व्यवस्था कर सभी को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया. हालांकि, पुलिस ने कहा कि चूंकि यह मामला दुर्घटना से जुड़ा है, इसलिए इसकी गहन जांच के लिए अकबरपुर की महिला क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिए गए हैं. कानपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस घटना के बारे में सोशल मीडिया पर भ्रामक और निराधार जानकारी न फैलाएं.