UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर अपने प्रचंड रूप में लौटने के लिए तैयार है. अगर आप 4 सितंबर को घर से बाहर निकलने या किसी यात्रा की योजना बना रहे हैं तो सावधान हो जाइए. भारतीय मौसम विभाग ने 4 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना जताई है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है जिससे निचले इलाकों में जलभराव और यातायात में बाधा की आशंका जताई गई है.
ADVERTISEMENT
पूर्वांचल और पश्चिमी यूपी में छाएंगे बादल
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 4 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दोनों ही संभागों में अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने की बहुत अधिक संभावना है.
इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट
मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, कुछ जिलों में बादलों का मिजाज काफी सख्त रहने वाला है. इनमें इटावा, औरैया, जालौन एवं इनके आसपास के क्षेत्र शामिल हैं. ऐसे में इस जिले में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता की सलाह दी गई है.
इन जिलों में होगी भारी बारिश
प्रदेश के एक बड़े हिस्से में मध्यम से भारी बारिश का सिलसिला बना रहेगा. मौसम विभाग ने लखीमपुर खीरी, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, बांदा, कानपुर देहात, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं इनके आसपास के क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
IMD ने दी ये सलाह
जलभराव व यातायात व्यवधान: भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने, सड़कों पर फिसलन होने और दृश्यता (Visibility) कम होने से सड़क व रेल यातायात में हल्की से मध्यम रुकावट आ सकती है.
बिजली व वज्रपात का खतरा: मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बारिश के दौरान आकाशीय बिजली चमकने और गिरने की आशंका है. ऐसे में खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे या बिजली के खंभों के पास शरण न लें और पक्के मकानों के भीतर ही रहें.
किसानों के लिए जरूरी सलाह: खेतों में अत्यधिक जलजमाव होने से फसलों (जैसे मक्का, उड़द, मूंग और सब्जियों) को नुकसान पहुंच सकता है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था रखें और बारिश के दौरान फसलों में उर्वरक या कीटनाशकों का छिड़काव न करें.
ADVERTISEMENT











