गाजियाबाद की 3 बहनों वाले केस में अब लिफ्ट में पत्नियों के साथ ये क्या करता दिखा पिता चेतन! सोसाइटी अध्यक्ष का बड़ा दावा

UP News: गाजियाबाद केस में नया मोड़! सोसाइटी अध्यक्ष जय ठाकुर का दावा- मौत के बाद लिफ्ट में पत्नियों को पीट रहा था पिता चेतन. 35 हजार रेंट देने वाले शख्स की आर्थिक तंगी की बात झूठी? मां को दबाने का आरोप.

Photo: Jay Thakur

गौरव कुमार पांडेय

10 Feb 2026 (अपडेटेड: 10 Feb 2026, 12:51 PM)

follow google news

UP News: गाजियाबाद की भारत सिटी सोसाइटी में तीन सगी बहनों की संदिग्ध मौत का मामला अब एक गहराता जा रहा है. सोसाइटी के अध्यक्ष जय ठाकुर के ताजा बयानों ने इस पूरी घटना में पारिवारिक कलह और पिता के व्यवहार को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जय ठाकुर का दावा है कि मामला जितना सीधा दिख रहा है उसके पीछे की परतें उतनी ही उलझी हुई हैं. यूपी Tak से बातचीत में सोसाइटी अध्यक्ष जय ठाकुर ने सबसे बड़ा खुलासा उस वक्त के बारे में किया है जब बच्चियां छत से नीचे गिर चुकी थीं. जय ठाकुर के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद जब परिवार कपड़े लेने के लिए लिफ्ट से ऊपर जा रहा था तब लिफ्ट के अंदर की गतिविधियां काफी संदिग्ध थीं. 

यह भी पढ़ें...

जय ठाकुर ने बताया कि लिफ्ट का सीसीटीवी फुटेज (जिसमें सिर्फ वीडियो है, ऑडियो नहीं) में दिख रहा है कि पिता चेतन कुमार अपनी पत्नियों के साथ हाथापाई कर रहे थे. अध्यक्ष का आरोप है कि लिफ्ट के अंदर चेतन अपनी पत्नियों को कुछ दबाने या चुप रहने के लिए डरा-धमका रहे थे. 

बच्चियों की मां को लेकर क्या है रहस्य?

जय ठाकुर ने इस बात पर गहरी चिंता जताई है कि बच्चियों की असली मां को मीडिया और पब्लिक के सामने क्यों नहीं आने दिया जा रहा है. जय ठाकुर ने कहा, "मां को सामने नहीं आने देना ही सबसे बड़ी शंका पैदा कर रहा है. उनकी आवाज को दबाया जा रहा है." सोसाइटी में चर्चा है कि घटना के बाद मां जोर-जोर से चिल्ला रही थी, "मेरी बेटी को मार डाला, मेरी बेटी को मार डाला."

क्या है चेतन की माली हालत का सच, 35 हजार रेंट और दो फ्लैट्स

चेतन कुमार की आर्थिक तंगी की थ्योरी को जय ठाकुर ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है. उनके मुताबिक, चेतन की माली हालत बिल्कुल ठीक थी. चेतन इस सोसाइटी में एक नहीं, बल्कि दो फ्लैट्स (B1-97 और C2-403) रेंट पर लेकर रह रहा था. इन दोनों फ्लैट्स का किराया और मेंटेनेंस मिलाकर वह हर महीने करीब 30 से 35 हजार रुपये खर्च कर रहा था. मेंटेनेंस ऑफिस के रिकॉर्ड के अनुसार, चेतन का एक भी रुपया बकाया नहीं था. उसने हाल ही में मेंटेनेंस के लिए 800 रुपये का रिचार्ज भी कराया था. 

क्या है चौथी बीवी वाला एंगल?

सोसाइटी अध्यक्ष ने बताया कि उन्हें पहले सिर्फ दो बीवियों के बारे में पता था क्योंकि पिछले साल वट सावित्री के दिन चेतन ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत की थी. लेकिन अब इस मामले में तीन बीवियों (सुजाता, हीना और टीना) के साथ-साथ एक 'चौथी बीवी' का एंगल भी सामने आ रहा है. चर्चा है कि उसकी भी मौत संदिग्ध परिस्थितियों में पहले कहीं और हो चुकी है. 

फिलहाल सोसाइटी के पार्क में सन्नाटा पसरा हुआ है. बच्चे डर के मारे बाहर नहीं निकल रहे हैं. पुलिस ने अभी उस स्पॉट को साफ करने की अनुमति नहीं दी है जहां बच्चियां गिरी थीं. जय ठाकुर और पूरी सोसाइटी अब इन मासूमों के लिए न्याय की मांग कर रही है. 

ये है पूरा मामला

गाजियाबाद के लोनी स्थित भारत सिटी सोसाइटी में 3 फरवरी की देर रात तीन बहनों की 9वीं मंजिल से गिरकर हुई मौत ने पूरे देश को दहला दिया है. शुरुआती जांच में पिता ने दावा किया कि बेटियां कोरियन लव गेम के जानलेवा टास्क के प्रभाव में थीं और उन्होंने खुद को पूरी तरह कोरियन संस्कृति में ढाल लिया था. हालांकि, पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है क्योंकि घटना के बाद परिवार का संदिग्ध व्यवहार, पिता की तीन पत्नियों के साथ रहने की बात और मां की मार डाला जैसी चीखों ने इसे एक रहस्यमयी मोड़ दे दिया है. वर्तमान में पुलिस मोबाइल फॉरेंसिक रिपोर्ट और सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग मिलान के जरिए यह पता लगाने में जुटी है कि यह मामला सुसाइड गेम का है या फिर किसी गहरे पारिवारिक तनाव का परिणाम.
 

ये भी पढ़ें: निशिका-प्राची और पाखी की मौत के बाद उनकी नानी ने ही रो-रोकर बता डाली घर के अंदर की पूरी कहानी