UP News: उत्तर प्रदेश के अमेठी और देवरिया में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाह उड़ी. यहां भी पेट्रोल-डीजल पंपों पर लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई. मगर इसी दौरान प्रशासन भी अलर्ट पर आ गया और उसने सख्त एक्शन लेना शुरू कर दिया. फिर पुलिस ने अमेठी के पुरवा गांव में करीब 1400 लीटर पेट्रोल-डीजल बरामद कर लिया. यहां पेट्रोल-डीजल को 4 नीले ड्रम, एक पानी की टंकी और 4 छोटे डिब्बों में भरकर डंप किया गया था.
ADVERTISEMENT
बता दें कि यहां सपा कार्यकर्ता दयाराम यादव ने भारी मात्रा में पेट्रोल-डीजल को जमा किया था. अब पुलिस ने दयाराम यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और कार्रवाई शुरू कर दी है. दयाराम यादव पूर्व मंत्री रहे गायत्री प्रसाद प्रजापति का भी बेहद करीबी बताया जा रहा है.
देवरिया में भी हुआ एक्शन
अमेठी के साथ-साथ देवरिया में भी भारी मात्रा में पुलिस ने पेट्रोल-डीजल बरामद किया है. यहां एसडीएम ने छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान रुद्रपुर तहसील के ग्राम जोगिया खुर्द में वीर बहादुर यादव के मकान से करीब 3 हज़ार लीटर डीजल बरामद किया गया तो वहीं इसी गांव के रमाननन्द यादव के यहां से 550 लीटर डीजल बरामद किया गया. दोनों के यहां डीजल ड्रम में छिपाया हुआ था. देवरिया पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
बता दें कि इस समय पेट्रोल-डीजल को लेकर यूपी सरकार अलर्ट पर है. कालाबाजारी और जमाखोरों के खिलाफ पुलिस लगातार एक्शन ले रही है. इसी क्रम में अमेठी और देवरिया में हुई ये कार्रवाई फिलहाल चर्चाओं में बनी हुई हैं.
ADVERTISEMENT









