'हमारे नहीं, भाजपा के ही विधायक...' राजभर के 'सपा में टूट' वाले दावे पर आ गया अखिलेश का रिएक्शन

सुभासपा प्रमुख और यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी में टूट के दावे को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खारिज कर दिया है. अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह एकजुट है और भाजपा लालच व दबाव के जरिए दूसरे दलों के नेताओं को तोड़ने का काम करती है. उन्होंने यह भी दावा किया कि भविष्य में भाजपा के ही कुछ विधायक और नेता पार्टी का साथ छोड़ सकते हैं.

UP Tak

यूपी तक

17 Jun 2026 (अपडेटेड: 17 Jun 2026, 04:26 PM)

follow google news

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख और योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने हाल ही में दावा किया था कि समाजवादी पार्टी में बहुत जल्द बड़ी टूट होने वाली है. अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राजभर के इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है.

यह भी पढ़ें...

बुधवार को अखिलेश यादव ने साफ किया कि समाजवादी पार्टी पूरी तरह से एकजुट है. इसके साथ ही उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर डरा-धमका कर और लालच देकर नेता तोड़ने का आरोप लगाया.

सपा में टूट के दावों को बताया गलत

अखिलेश यादव ने ओम प्रकाश राजभर के उस दावे को पूरी तरह नकार दिया जिसमें कहा गया था कि सपा के कई नेता भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार बैठे हैं. अखिलेश ने कहा, "समाजवादी पार्टी पूरी तरह एकजुट है. हमने अपने राजनीतिक सफर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं.  एक मजबूत पार्टी है और हमेशा मजबूत ही रहेगी."

'लालच और डर से पार्टियां तोड़ती है भाजपा'

पार्टी में असंतोष के सवाल पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा का काम ही लालच और दबाव डालकर दूसरे दलों में टूट करवाना है. उन्होंने कहा, "अगर आप यूपी का इतिहास देखें, तो सपा के कई विधायकों, एमएलसी और यहां तक कि राज्यसभा सदस्यों को भाजपा ने अपने पाले में किया है. इसके पीछे कोई न कोई लालच या डर जरूर रहा होगा. जो लोग डर जाते हैं, वे ही अपनी पार्टी छोड़कर भागते हैं."

'भाजपा से लड़ने के लिए बहादुरों की टीम चाहिए'

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जैसी पार्टी का डटकर सामना करने के लिए हौसले की जरूरत होती है. उन्होंने साफ किया, "अगर आपको भाजपा को चुनौती देनी है, तो आपके पास बहादुर और निडर लोगों की एक टीम होनी चाहिए."

अखिलेश का बड़ा दावा- 'भाजपा के ही विधायक साथ छोड़ेंगे'

अखिलेश यादव ने भाजपा को चेतावनी देते हुए कहा कि भाजपा भले ही दूसरी पार्टियों के सांसद और विधायक तोड़ रही हो, लेकिन यूपी में खुद उनके विधायक पाला बदलने को तैयार बैठे हैं. उन्होंने कहा, "मैंने पहले ही कहा था कि मैं भाजपा को तोड़ने की कोशिश नहीं करूंगा. लेकिन, भाजपा में कई ऐसे लोग हैं जो सही समय आने पर अपने पत्ते खोलेंगे. उन पर भरोसा नहीं किया जा सकता."

राजभर ने क्या किया था दावा?

इससे पहले दिन में ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर दावा किया था कि सपा के दिग्गज नेता रामगोपाल यादव ने गृहमंत्री अमित शाह को एक गुप्त चिट्ठी सौंपी है. राजभर का कहना था कि पुराने घोटालों की जांच के डर से सपा के कई नेता घबराए हुए हैं. जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं.