यूपी के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां बढ़ी, योगी सरकार ने कैलेंडर को लेकर भी नया आदेश किया जारी

उत्तर प्रदेश सरकार ने भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए बेसिक शिक्षा परिषद एवं मान्यता प्राप्त स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां 24 जून 2026 तक बढ़ा दी हैं. अब विद्यार्थियों के लिए स्कूल 25 जून से खुलेंगे, जबकि शिक्षक और स्टाफ 22 जून से तैयारियों के लिए विद्यालय पहुंचेंगे.

UP Tak

यूपी तक

• 03:32 PM • 17 Jun 2026

follow google news

UP School Holidays: उत्तर प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. योगी सरकार ने बेसिक शिक्षा परिषद के तहत आने वाले और मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियां 24 जून 2026 तक के लिए बढ़ा दी हैं. अब स्कूल अपने तय समय के बजाय 25 जून से नियमित रूप से खुलेंगे.

यह भी पढ़ें...

बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, बच्चों की सुरक्षा, सेहत और पढ़ाई को ध्यान में रखकर फैसला लिया गया है.

हर साल का अकादमिक कैलेंडर बदला

सरकार के इस फैसले से अब पूरे उत्तर प्रदेश के स्कूलों के कैलेंडर में बदलाव आ जाएगा. नए नियम के तहत अब हर साल 20 मई से 24 जून तक गर्मियों की छुट्टियां रहा करेंगी और 25 जून से नए सत्र की नियमित कक्षाएं शुरू हुआ करेंगी. इससे अब जिला प्रशासन को अत्यधिक गर्मी के कारण स्थानीय स्तर पर बार-बार छुट्टियां बढ़ाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

शिक्षकों को 22 जून से आना होगा

भले ही बच्चों के लिए स्कूल 25 जून से खुल रहे हैं, लेकिन शिक्षकों और स्टाफ के लिए नियम अलग हैं. 

  • 21 जून को योग दिवस: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर 21 जून को स्कूलों में शिक्षक और छात्र मिलकर सामूहिक योगाभ्यास करेंगे.
  • 22 से 24 जून तक तैयारी: सभी शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और गैर-शिक्षण कर्मचारी 22 जून से 24 जून तक स्कूल आएंगे ताकि नए सत्र की तैयारियां पूरी की जा सकें.

स्कूल खुलने से पहले पूरी करनी होंगी ये तैयारियां

शिक्षकों को स्कूल खुलने से पहले कई जरूरी काम निपटाने होंगे, जैसे:

  • पढ़ाई का लेसन प्लान तैयार करना.
  • मिड-डे मील की व्यवस्था और किताबों का बंटवारा करना.
  • स्कूल मैनेजमेंट कमेटी की बैठकें और 'बाल वाटिका' कक्षाओं की तैयारी.
  • स्कूल परिसर, किचन और टॉयलेट्स की साफ-सफाई सुनिश्चित करना और खेलकूद के सामान की व्यवस्था करना.

बिजली-पानी के सख्त निर्देश

सरकार ने आदेश में साफ किया है कि शिक्षा का अधिकार कानून के तहत हर शैक्षणिक सत्र में कम से कम 220 दिन पढ़ाई होना अनिवार्य है. इसलिए सभी जिलाधिकारियों को सलाह दी गई है कि वे स्थानीय स्तर पर छुट्टियां घोषित करते समय इस नियम का ध्यान रखें. इसके साथ ही, सरकार ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे बच्चों के आने से पहले स्कूलों में बिजली, साफ पीने के पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का पूरा इंतजाम रखें.