Aastha Jain UPSC Result: शामली के एक छोटे से कस्बे कांधला की गलियों में आज जश्न का माहौल है. कारण है इलाके की बेटी आस्था जैन, जिन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया 9वीं रैंक (AIR-9) हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है. कहते हैं कि अगर इरादे फौलादी हों और अपनों का साथ हो, तो सीमित संसाधन कभी आड़े नहीं आते. जनपद शामली के कांधला कस्बे के रहने वाले अजय कुमार जैन इसका जीता-जागता उदाहरण हैं. अजय जैन कस्बे में एक छोटी सी कन्फेक्शनरी और परचून की दुकान चलाते हैं. सादगी से परिवार को चला रहे अजय जैन के एक बड़े सपने को उनकी बेटी आस्था जैन ने साकार कर दिखाया है.
ADVERTISEMENT
तीसरे प्रयास में 'शिखर' पर पहुंचीं आस्था
आस्था जैन की यह सफलता कोई रातों-रात मिली कामयाबी नहीं है, बल्कि यह तीन साल की कठिन तपस्या का फल है. आस्था ने लगातार तीन बार अपनी योग्यता साबित की है:
- वर्ष 2024 (प्रथम प्रयास): आईपीएस (IPS) में चयनित हुईं, रैंक 131.
- वर्ष 2025 (द्वितीय प्रयास): फिर से आईपीएस के लिए चयन, रैंक 186.
- वर्ष 2026 (फाइनल रिजल्ट): अपनी कमियों को सुधारा और सीधे 9वीं रैंक के साथ आईएएस (IAS) बनकर अपना बचपन का सपना पूरा किया.
माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू
यूपी Tak से बात करते हुए आस्था की मां ममता जैन ने भावुक होकर कहा कि 'बचपन से ही गुड़िया का सपना डीएम बनने का था. आज वो सपना पूरा हो गया. हमें अपनी बेटियों पर हमेशा से विश्वास था.' वहीं पिता अजय कुमार जैन कहते हैं कि मैं तो एक साधारण दुकानदार हूं, लेकिन बच्चों की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी. मेरा मानना है कि सबको अपनी बेटियों पर विश्वास करना चाहिए और उन्हें पढ़ने के लिए बाहर भेजना चाहिए. शिक्षा ही सबसे पहले है.
अजय जैन का परिवार में आस्था के अलावा उनकी दूसरी बेटियां भी ऊंचे मुकाम पर हैं. एक बेटी गुड़गांव की एक बड़ी कंपनी में मैनेजर है. तीसरी बेटी पुणे में MBBS (डॉक्टरी) की पढ़ाई कर रही है. बेटा भी दिल्ली में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहा है.
UPSC 2025 रिजल्ट: एक नजर में
06 मार्च 2026 को घोषित हुए नतीजों में इस बार भी बेटियों ने अपना दबदबा कायम रखा है.
- टॉपर: एम्स जोधपुर से एमबीबीएस करने वाले अनुज अग्निहोत्री ने पहली रैंक हासिल की है.
- दूसरी रैंक: चेन्नई की राजेश्वरी सुवे एम दूसरे स्थान पर रहीं.
- कुल चयन: इस बार आयोग ने कुल 958 उम्मीदवारों (659 पुरुष और 299 महिलाएं) की सिफारिश की है.
- दिव्यांग उम्मीदवार: सफल होने वालों में 42 दिव्यांग अभ्यर्थी भी शामिल हैं.
परीक्षा के आंकड़े (UPSC CSE 2025)
- आवेदन: 9,37,876 उम्मीदवार
- प्रारंभिक परीक्षा में शामिल: 5,76,793
- मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई: 14,161
- इंटरव्यू (Personality Test): 2,736 उम्मीदवार
आस्था जैन की कहानी उन लाखों ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो बड़े सपने तो देखती हैं लेकिन संसाधनों की कमी से झिझकती हैं. आस्था ने साबित कर दिया कि एक परचून की दुकान चलाने वाले की बेटी भी देश की सर्वोच्च सेवा के टॉप-10 में जगह बना सकती है.
ADVERTISEMENT









