UP News: कल देशभर में धूमधाम से होली का त्योहार मनाया गया. यूपी के संभल में भी भारी पुलिस सुरक्षा में होली मनाई गई. इसी बीच संभल से हैरान कर देने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां होलिका दहन के दौरान एक युवक जलती हुई होलिका के बीच में कूद गया. ये देख वहां खड़ा हर कोई हैरान रह गया. लोग समझ ही नहीं पाए कि वहां अचानक क्या हुआ?
ADVERTISEMENT
जलती होलिका के बीच कूदे युवक संग क्या हुआ?
ये पूरा मामला संभल के गुन्नौर तहसील क्षेत्र के नंदरौली गांव से सामने आया है. यहां होलिका दहन किया जा रहा था. ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे. होलिका दहन चरम पर था. चारों तरफ आग भड़की हुई थी. लोग गन्ने भून रहे थे और होलिका की परिक्रमा लगा रहे थे.
इसी बीच जलती हुई आग के बीच एक युवक अचानक खड़ा हो गया. जैसे ही लोगों ने ये देखा, उन्होंने शोर मचा दिया. फिर किसी तरह स्थानीय लोगों ने हिम्मत करके, युवक को सुरक्षित जलती हुई होलिका से बाहर निकाला. इसके बाद युवक फरार हो गया.
बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में था. वह उस दौरान खूब नशे में था. उसे होश नहीं था. फिलहाल ये मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया पर इसको लेकर वीडियो भी वायरल है.
ADVERTISEMENT









