बहन का मर्डर उसके हसबैंड ने कर दिया... राहुल भाटी ने पत्नी मनीषा को बेंगलुरु से बुलाया और साइकिल के पैडल से कर दी हत्या!

UP News: बागपत के चांदीनगर में शक के चलते पति राहुल भाटी ने पत्नी मनीषा की कथित तौर पर हत्या कर दी. मृतका की बहन शिवानी ठाकुर ने आरोप लगाया है कि जीजा ने पूरी प्लानिंग के साथ बेटी से फोन कराकर मनीषा को बेंगलुरु से बुलाया और साइकिल चैनसेट के धारदार हथियार से उसकी गर्दन काट दी.

Baghpat Crime News

Baghpat Crime News

मनुदेव उपाध्याय

22 Jun 2026 (अपडेटेड: 22 Jun 2026, 01:22 PM)

follow google news

Baghpat Crime News: बागपत जिले के चांदीनगर थाना क्षेत्र के खैला गांव में एक पति ने शक के चलते अपनी ही पत्नी मनीषा ठाकुर की कथित तौर पर बेरहमी से हत्या कर दी. इस पूरे मामले में मृतका की बहन शिवानी ठाकुर का एक बेहद सनसनीखेज बयान सामने आया है. शिवानी ठाकुर ने अपने जीजा राहुल पर गंभीर आरोप लगाते हुए बताया है कि यह एक सोची-समझी और सुनियोजित हत्या थी, जिसके लिए बकायदा मासूम बेटी का इस्तेमाल कर मनीषा को जाल में फंसाया गया था.

यह भी पढ़ें...

मासूम बेटी की आवाज सुनाकर बेंगलुरु से बागपत बुलाया

मृतका की बहन शिवानी ठाकुर ने बताया कि मनीषा और राहुल की करीब 8-9 साल पहले लव मैरिज हुई थी. पिछले कुछ समय से मनीषा बेंगलुरु में जॉब कर रही थी और पूरे घर व बच्चों की पढ़ाई का खर्चा उठा रही थी. शिवानी का आरोप है कि राहुल ने काफी दिनों से मनीषा को खत्म करने की प्लानिंग कर रखी थी.

राहुल ने अपनी ही मासूम बेटी से मनीषा को फोन करवाया. फोन पर बेटी ने अपनी मां से कहा, "मम्मा, मैं तुम्हारी कुछ नहीं लगती हूं क्या? मेरी याद नहीं आती तुम्हें, मुझसे मिलने आ जाओ." अपनी बेटी की यह बात सुनकर मनीषा का दिल पिघल गया. वह बेंगलुरु से सीधे बागपत अपनी मौसी के घर और फिर वहां आ गई.

24 जून को था जन्मदिन, बर्थडे मनाने आई थी मनीषा

शिवानी ठाकुर ने बताया कि दो दिन बाद यानी 24 जून को मनीषा का जन्मदिन था. मनीषा ने सोचा था कि वह इस बार अपने बच्चों और सबके साथ मिलकर अपना बर्थडे मनाएगी. लेकिन उसे अंदाजा भी नहीं था कि जिस घर में वह अपनी बेटी से मिलने आ रही है, वहां उसका पति मौत का सामान तैयार कर बैठा है. आरोपी राहुल भाटी ने मनीषा के जन्मदिन आने से पहले ही उसकी जिंदगी का दर्दनाक अंत कर दिया.

'गला आधा कटा हुआ था, खून से लथपथ थी लाश'

मनीषा की हत्या किस क्रूरता से की गई, इसका जिक्र करते हुए शिवानी ने बताया कि आरोपी राहुल ने साइकिल के पैडल और चैनसेट को कटवाकर एक फरसेनुमा हथियार तैयार किया हुआ था. जब घर में कोई नहीं था, तब उसने मनीषा पर पीछे से ताबड़तोड़ वार किए.

शिवानी के मुताबिक, मनीषा की गर्दन पर बेहद गहरा घाव था, उसका आधा गला कटा हुआ था और उसकी कमर पर भी बुरी तरह वार किए गए थे. मनीषा पूरी तरह खून से लथपथ थी. इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक के बोरे में भरने की भी कोशिश की. शिवानी को इस बात की जानकारी तब मिली जब इंस्पेक्टर साहब का फोन पहले उनकी बुआ के पास और फिर उनके पास आया.

पहले भी नाक से निकाल दिया था खून, बच्चे को सिखा रहा था गलत आदतें

अपनी बहन के वैवाहिक जीवन का सच बताते हुए शिवानी ने आरोप लगाया कि राहुल पहले भी दिल्ली में मनीषा को बुरी तरह पीटता था, एक बार तो उसने मनीषा को इतना मारा था कि उसकी नाक से खून निकाल दिया था. शिवानी ने यह भी गंभीर आरोप लगाया कि राहुल अपने छोटे से लड़के को शराब और बीड़ी पीना सिखा रहा था. मनीषा ने कहा था कि वह अपने बच्चे को ऐसी बदतमीजी नहीं सिखाएगी, इसी वजह से वह उससे अलग होकर बेटे को अपने साथ बेंगलुरु ले गई थी. राहुल हरिद्वार में नौकरी और ऑटो चलाता था, लेकिन उसे शक था कि मनीषा बेंगलुरु में किसी और के साथ लिव-इन में रह रही है, इसी शक में उसने हत्या की.

पीड़ित परिवार ने की फांसी की मांग

पुलिस की कार्रवाई पर शिवानी ठाकुर ने कहा कि अभी तक हम थाने नहीं गए हैं, लेकिन पुलिस जो कर रही है अच्छा ही कर रही है. शिवानी ने न्याय की गुहार लगाते हुए कहा, "मैं तो बस इंसाफ चाहती हूं. जैसे उसने मेरी बहन को मार दिया, वैसे ही पुलिस उसे फांसी दे दे, या फिर उसे हमारे हाथ में दे दे, हम भी उसे मार देंगे." फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति राहुल भाटी को हिरासत में लेकरमुकदमा दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमॉर्टम कराया है.

ये भी पढ़ें: प्यार में पड़ा ऐसा अंधा कि बहा दिया खून... प्रयागराज ट्रिपल मर्डर केस की चौंकाने वाली कहानी आई सामने