उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में अवैध कब्जों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है. सोमवार को लखनऊ में अपने सरकारी आवास पर आयोजित 'जनता दर्शन' कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि अवैध कब्जों की शिकायतों पर तुरंत एक्शन लिया जाए. उन्होंने साफ कहा कि इस तरह के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
ADVERTISEMENT
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए लोगों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तय समय के भीतर उनका सही समाधान करने के निर्देश दिए.
मथुरा के बुजुर्ग की शिकायत पर लिया बड़ा एक्शन
जनता दर्शन के दौरान मथुरा से आए एक बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री से शिकायत की कि उनके इलाके में एक सड़क पर अवैध कब्जा कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि स्थानीय स्तर पर कई बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की.
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी ने मथुरा के जिलाधिकारी को आदेश दिया कि वे खुद मौके पर जाकर स्थिति की जांच करें. अगर शिकायत सही पाई जाती है, तो तुरंत अवैध कब्जे को हटाया जाए और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
सभी विभागों को पैनी नजर रखने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने प्रशासन, पुलिस, नगर निकायों और विकास प्राधिकरणों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे अवैध कब्जे की शिकायतों को बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें और ऐसे मामलों की लगातार मॉनिटरिंग करते रहें.
हर समस्या का होगा समाधान
इस दौरान लोगों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक मदद, बिजली कनेक्शन और राजस्व (जमीन-जायदाद) से जुड़े मामले भी मुख्यमंत्री के सामने रखे. सभी को भरोसा दिलाते हुए सीएम योगी ने कहा, "किसी को भी परेशान होने या चिंता करने की जरूरत नहीं है. हमारी सरकार राज्य की सभी 25 करोड़ जनता के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है."
भीषण गर्मी को लेकर दी सलाह
राजधानी में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच जनता दर्शन में पहुंचे बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों का हाल-चाल जानते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें सेहत का ध्यान रखने की सलाह दी. उन्होंने लोगों से अपील की कि बहुत जरूरी न हो, तो दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें.
ADVERTISEMENT










