बरेली में डिवाइडर से टकराई कार और अंदर बोरे से निकल-निकल कर भागने लगे 8 लंगूर! 2 घायल भी मिले, माजरा क्या था?

यूपी तक

• 02:04 PM • 03 Apr 2025

Bareilly News: बरेली में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर एक कार डिवाइडर से टकरा गई. कार में तस्करी कर ले जाए जा रहे 10 लंगूर मिले, जिनमें से 8 भाग निकले और 2 घायल हो गए. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

Google CTA

न्यूज़ हाइलाइट्स

point

कार डिवाइडर से टकराई, मौके से भागे तस्कर.

point

बोरे से निकले 10 लंगूर, 8 भागे, 2 घायल.

point

पुलिस ने वाहन मालिक और चालक की पहचान की.

Bareilly News: बरेली के फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक अजीबो-गरीब घटना घटी, जब लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार डिवाइडर से टकरा गई. हादसा इतना साधारण नहीं था, बल्कि यह एक बड़े वन्यजीव तस्करी नेटवर्क की पोल खोलने वाला साबित हुआ. कार में सवार दो लोग दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए, लेकिन जो दृश्य वहां मौजूद लोगों ने देखा, उसने सभी को चौंका दिया.

यह भी पढ़ें...

स्थानीय लोग और पुलिस जब मौके पर पहुंचे तो उन्हें कार के अंदर एक बोरा मिला, जिसमें हलचल हो रही थी. जब इसे खोला गया तो अंदर से 10 लंगूर निकले. इनमें से आठ लंगूर तेजी से बाहर निकलकर इधर-उधर भाग गए, जबकि दो लंगूर घायल अवस्था में पाए गए. पुलिस ने घायल लंगूरों को कटरा स्थित पशु चिकित्सालय में भर्ती कराया, जहां से एक की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली के भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) रेफर कर दिया गया.

पुलिस जांच में पता चला कि दुर्घटनाग्रस्त कार का चालक यासीन था, जबकि वाहन का मालिक शाहजहांपुर निवासी वीरेश है. पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिरकार लंगूरों को कहां ले जाया जा रहा था और इस तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं. वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.