लेटेस्ट न्यूज़

अजय राय और ममता चौधरी विवाद में बड़ा अपडेट, 5 सदस्यीय जांच टीम की गई गठित, 7 दिन में सौंपेगी रिपोर्ट

उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुए विवाद और मारपीट के मामले में पार्टी ने जांच का फैसला लिया है. राज्य प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने पूरे घटनाक्रम की पड़ताल के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की है.

ADVERTISEMENT

Ajay Rai and Mamta Chaudhary Clash
Ajay Rai and Mamta Chaudhary Clash
social share
Google CTA

Ajay Rai and Mamta Chaudhary News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुए विवाद और मारपीट के मामले में पार्टी ने जांच का फैसला लिया है. राज्य प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने पूरे घटनाक्रम की पड़ताल के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की है. इस टीम की अगुवाई उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बृजलाल खाबरी करेंगे. समिति को सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट पार्टी आलाकमान को सौंपनी है. जांच रिपोर्ट के आधार पर विवाद में जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है.

बृजलाल खाबरी को सौंपी गई जांच टीम की कमान

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में हुए विवाद की जांच के लिए बनाई गई समिति में बृजलाल खाबरी के अलावा चार अन्य सदस्यों को शामिल किया गया है. इनमें कांग्रेस के सह-प्रभारी अभिषेक दत्त और अब्दुल हन्नान, पूर्व सांसद रवि वर्मा और महिला कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शमीना शफीक शामिल हैं. समिति मंगलवार से मामले की पड़ताल शुरू करेगी. राज्य प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने स्पष्ट किया है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर जिम्मेदार लोगों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. पार्टी के लिए यह मामला इसलिए भी अहम है, क्योंकि प्रदेश मुख्यालय में हुई इस घटना से संगठन की छवि को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है.

प्रदेश अध्यक्ष के पदभार कार्यक्रम के दौरान हुआ विवाद

दरअसल, रविवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम तय था. परंपरा के अनुसार, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को नए नेतृत्व को कार्यभार सौंपना था. दोनों नेता कुछ ही अंतराल पर कार्यालय पहुंचे. इस दौरान मोना गांधी प्रतिमा पर नमन करने लगीं, जबकि अजय राय अपने समर्थकों के साथ प्रदेश अध्यक्ष के कक्ष की ओर बढ़ रहे थे. इसी बीच वहां मौजूद महिला पार्षद ममता चौधरी ने कथित तौर पर अजय राय के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर दी. राय ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद उनके समर्थकों और पार्षद के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.

अजय राय ने टिप्पणी से किया इनकार

विवाद बढ़ने पर अजय राय के समर्थक अमित और संदीप पर ममता चौधरी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. घटना के बाद पार्टी ने मामले की जांच कराने का फैसला किया. उधर, अजय राय ने बताया कि वह घटना के बाद अपने क्षेत्र वाराणसी लौट चुके हैं और संगठन के काम में जुटे हैं. हालांकि, उन्होंने प्रदेश मुख्यालय में हुए विवाद और जांच समिति के गठन पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. अब समिति की जांच और सात दिनों के भीतर आने वाली रिपोर्ट पर नजर रहेगी. इसके आधार पर पार्टी आगे की कार्रवाई तय करेगी.

यह भी पढ़ें- अजय राय से पंगा, कांग्रेस दफ्तर में मारपीट और जूते-चप्पल… कौन हैं ममता चौधरी, जिनके नाम पर मचा बवाल?