लेटेस्ट न्यूज़

यूपी में 2027 चुनाव से पहले BJP का वोटर लिस्ट अभियान, इन 2 दिन घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता

यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने वोटर लिस्ट पर काम तेज कर दिया है. पार्टी ने हर बूथ पर 50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है. 23 और 24 नवंबर को कार्यकर्ता घर-घर जाकर नामों का मिलान करेंगे. इस अभियान में महिला और पहली बार वोट डालने वाले युवाओं पर भी खास ध्यान रहेगा.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने मतदाता सूची को लेकर अपनी तैयारी तेज कर दी है. पार्टी ने प्रदेश के सभी बूथों पर नए मतदाताओं को जोड़ने और वोटर लिस्ट में दर्ज नामों का मिलान करने के लिए अभियान शुरू किया है. इसके तहत प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 बूथों पर 50-50 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. इस हिसाब से भाजपा करीब 86.86 लाख नए वोटरों को मतदाता सूची से जोड़ने की तैयारी में है.

अभियान ऐसे समय शुरू किया गया है, जब प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. वोटर लिस्ट से करीब 1.27 करोड़ मतदाताओं के नाम कटने के दावों के बीच भाजपा ने बूथ स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ाई है. पार्टी का जोर उन पात्र लोगों के नाम जुड़वाने पर है, जो किसी वजह से अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं.

23 और 24 नवंबर को घर-घर जाएंगे भाजपा कार्यकर्ता

भाजपा के अभियान के पहले चरण में 23 और 24 नवंबर को कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाता सूची का मिलान करेंगे. इस दौरान वे देखेंगे कि परिवार के पात्र सदस्यों के नाम वोटर लिस्ट में दर्ज हैं या नहीं. जिन लोगों के नाम सूची में नहीं मिलेंगे, उन्हें नाम जुड़वाने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी.

पार्टी ने इस काम की जिम्मेदारी बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को दी है. अभियान को गति देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता भी अलग-अलग बूथों पर पहुंच रहे हैं. उनका जोर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और अभियान को जमीन पर प्रभावी ढंग से चलाने पर है.

महिला और युवा वोटरों पर भी रहेगा भाजपा का फोकस

भाजपा ने इस अभियान में महिला और युवा मतदाताओं को भी खास प्राथमिकता देने की योजना बनाई है. पार्टी अलग-अलग स्तर पर इनके लिए अभियान चलाएगी. इसका मकसद उन महिलाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना है, जो शादी के बाद दूसरे स्थान पर रहने लगी हैं और जिनका नाम नई जगह की वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ पाया है.

युवाओं को लेकर भी पार्टी की तैयारी है. 18 साल की उम्र पूरी कर चुके ऐसे लोगों की पहचान की जाएगी, जो पहली बार मतदान करने के योग्य हैं, लेकिन उनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है. पार्टी कार्यकर्ता ऐसे लोगों को आवेदन की प्रक्रिया में मदद करेंगे.

भाजपा का अभियान केवल नए वोटर जोड़ने तक सीमित नहीं है. पार्टी बूथ स्तर पर अपने संगठन को भी सक्रिय करना चाहती है. हर बूथ पर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और घर-घर संपर्क के जरिए पार्टी मतदाताओं से जुड़ने की कोशिश कर रही है. 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इसे संगठन की चुनावी तैयारी के तौर पर भी देखा जा रहा है.