यूपी में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले मकर संक्रांति की पतंगों पर भी राजनीति का रंग चढ़ गया है. बाजार में पतंग की दुकानों पर अखिलेश यादव और योगी आदित्यनाथ से संबंधित पतंगों की धूम मची हुई है. दोनों के ही समर्थक दावा कर रहे हैं कि वे एक दूसरे की पतंगों को काट देंगे. पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली में पतंग की दुकान पर एक तरफ जहां अखिलेश यादव के नाम वाली पतंगें हैं, तो दूसरी तरफ CM योगी आदित्यनाथ, केशव मौर्य और दिनेश शर्मा के फोटो वाली पतंगें भी हैं. सबसे अधिक बिक्री अखिलेश और योगी आदित्यनाथ के फोटो वाली पतंगों की है. अखिलेश के समर्थक कह रहे हैं कि योगी की पतंग काटेंगे और योगी के समर्थकों का दावा है कि अखिलेश की पतंग काटेंगे. हालांकि असल में पतंग किसकी कटती है, यह तो चुनाव नतीजों से ही तय होगा.