Raebareli Weather News: रायबरेली में मौसम का यू-टर्न, पहले आई झमाझम बहार, अब उमस और बिजली कटौती से जनता बेहाल
Raebareli Weather update: रायबरेली में बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट बदल ली है. उमस और अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक केवल हल्की बारिश की संभावना है. ऐसे में लोगों को फिलहाल गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार कम हैं.
ADVERTISEMENT

Raebareli News: मौसम के बदले मिजाज ने रायबरेली के लोगों को 'कभी खुशी, कभी गम' वाले मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया है. शुक्रवार को आसमान से बरसीं राहत की बूंदों ने जहां तपती गर्मी से तड़पते लोगों को सुकून दिया था, वहीं खेतों में पानी देख अन्नदाताओं के चेहरे भी खुशी से खिल उठे थे. लेकिन, यह राहत महज चार दिन की चांदनी साबित हुई, शनिवार से जैसे ही बादलों ने 'नो-एंट्री' का बोर्ड लगाया, वैसे ही चिपचिपी उमस ने जनता का जीना मुहाल कर दिया है. आज भी सुबह से सूरज और उमस की जुगलबंदी ने लोगों को पसीने-पसीने कर रखा है. लोग इस चिपचिपी गर्मी में बिलबिला उठे हैं. रही-सही कसर बिजली विभाग की अघोषित कटौती ने पूरी कर दी है। एक तरफ पंखे-कूलर शोपीस बने हैं, तो दूसरी तरफ उमस के इस 'डबल अटैक' से घरों के अंदर रहना भी किसी सजा से कम नहीं लग रहा है. जनता बूंद-बूंद पसीने से तरबतर होकर बिजली और बारिश दोनों को कोसने पर मजबूर है.
