लेटेस्ट न्यूज़

बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर निशा ने पति को मारा, 12 घंटे में पुलिस ने सॉल्व की गाजियबाद की मर्डर मिस्ट्री

ADVERTISEMENT

Ghaziabad Anshul Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में सिलाई कारीगर अंशुल की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. 10 अक्टूबर को वंदना विहार कॉलोनी में किराए के कमरे में 35 वर्षीय अंशुल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

social share
Google CTA

Ghaziabad Anshul Murder Case: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में सिलाई कारीगर अंशुल की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. 10 अक्टूबर को वंदना विहार कॉलोनी में किराए के कमरे में 35 साल के अंशुल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. पुलिस के मुताबिक इस वारदात में उसकी 30 वर्षीय पत्नी निशा और 35 वर्षीय मौसेरे बहनोई पप्पू उर्फ गंगा भगत की भूमिका सामने आई है. दोनों के बीच लव अफेयर होने की बात सामने आई है. पुलिस ने 12 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. हत्या में इस्तेमाल .315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया गया है.

दो साल से संपर्क में थे निशा और पप्पू

अंशुल मूल रूप से लखीमपुर खीरी का रहने वाला था. वह अपनी पत्नी निशा के साथ नोएडा की एक सिलाई कंपनी में काम करता था. पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि पप्पू पिछले दो साल से निशा के संपर्क में था और कुछ महीनों से अंशुल तथा निशा के साथ ही रह रहा था. अंशुल को दोनों के संबंधों की जानकारी हो गई थी. उसने इस बारे में अपने परिवार से शिकायत भी की थी. पुलिस के मुताबिक अंशुल के रास्ते से हटने के बाद निशा और पप्पू शादी करना चाहते थे. इसी मंशा से हत्या की साजिश रची गई.

छुट्टी के दिन कमरे में अकेला था अंशुल

पुलिस के अनुसार पप्पू हत्या के लिए गांव से अवैध तमंचा लेकर आया था. 10 अक्टूबर को अंशुल की छुट्टी थी और वह अपने किराए के कमरे में अकेला था. बताया गया कि दोपहर के समय जब अंशुल सो रहा था, तभी पप्पू ने पीछे से उसके सिर पर तमंचा सटाकर गोली मार दी. वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया. इसके बाद उसने फोन करके निशा को हत्या की जानकारी दी. अंशुल की हत्या के मामले में पुलिस ने घटनाक्रम और आरोपियों के बीच संबंधों की जांच शुरू की.

बहन की शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

11 अक्टूबर को अंशुल की बहन ने खोड़ा थाने में तहरीर दी. इसमें लव अफेयरों को लेकर आरोप लगाए गए थे. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच और पूछताछ तेज की. पुलिस के मुताबिक सख्ती से पूछताछ करने पर पप्पू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ हत्या में इस्तेमाल किया गया .315 बोर का अवैध तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है. बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाई गई है.

मकान मालिक पर शक जाने की भी थी योजना

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात के बाद शक से बचने की कोशिश भी की. बताया गया कि मकान मालिक का 10 महीने का किराया नहीं दिया गया था, ताकि हत्या के मामले में उस पर संदेह जा सके. वारदात के बाद पप्पू ने तमंचा नाले में फेंक दिया था. पुलिस ने चुंबक की मदद से उसे बरामद किया. वहीं, शाम को घर लौटी निशा रोने लगी और मकान मालिक पर आरोप लगाने लगी. हालांकि, पुलिस की जांच और पूछताछ में उसकी भूमिका भी सामने आई.

दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई

अंशुल हत्याकांड में पुलिस ने निशा और पप्पू उर्फ गंगा भगत को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि लव अफेयरों और अंशुल को रास्ते से हटाने की मंशा से हत्या की गई. मामले में अवैध हथियार की बरामदगी के बाद आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी गई है. एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.