संभल में बेटे आलम ने की सगी बहन रूपजहां की हत्या, पिता बोला 'इज्जत बच गई हमें कोई पछतावा नहीं'
Sambhal News: संभल में ऑनर किलिंग की दिल दहला देने वाली वारदात. दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम करने वाली 19 वर्षीय रूपजहां की उसके सगे भाई ने गला घोंटकर हत्या कर दी. घटना के बाद पिता नौशरी ने विवादित बयान देते हुए कहा कि उन्हें बेटी की मौत का कोई मलाल नहीं है क्योंकि उनकी इज्जत बच गई है.

ADVERTISEMENT
Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के मतवाली पट्टी जग्गू गांव में इज्जत के नाम पर एक और बेटी की बलि चढ़ा दी गई. 19 साल की रूपजहां को उसके सगे भाई जाले आलम ने मौत के घाट उतार दिया. इस जघन्य अपराध में पिता नौशरी की मूक सहमति और अब उनका रोंगटे खड़े कर देने वाला बयान समाज की उस बीमार सोच को उजागर कर रहा है जहां प्यार की सजा सिर्फ मौत है.
दूसरे समुदाय से प्यार बनी मौत की वजह
रूपजहां का पिछले दो सालों से गांव के ही सैनी बिरादरी (हिंदू समुदाय) के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. वह अपने प्रेमी के साथ निकाह कर घर बसाना चाहती थी. रूपजहां अपनी इस जिद पर ऐसी अड़ी कि वह पुलिस तक पहुंच गई. पिता के मुताबिक पुलिस ने भी उसे बालिग बताते हुए उसकी मर्जी का समर्थन किया. लेकिन परिवार को यह संवैधानिक आजादी' अपनी बेइज्जती लगी. 19 फरवरी को घर के भीतर जमकर विवाद हुआ. पिता नौशरी का कहना है कि बेटी को बहुत समझाया गया.लेकिन वह नहीं मानी. इसी बीच भाई जाले आलम का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उसने पिता के सामने ही अपनी बहन का गला दबा दिया. हत्या के बाद आरोपी भाई ने खुद पुलिस को फोन किया और कहा 'मैंने अपनी बहन को मार दिया है.'
पिता का झकझोर देने वाला बयान
जब पुलिस ने पिता नौशरी से बात की तो उनके शब्दों ने सबको दंग कर दिया। पिता ने कहा 'मुझे कोई पछतावा नहीं है, मेरी इज्जत बच गई.लड़की बदचलन थी. हमने बहुत समझाया पर वो नहीं मानी.पुलिस ने भी उसका साथ दिया तब मेरा कलेजा फटने को तैयार था. अब वो मर गई तो हमारी बेइज्जती रुक गई.'
यह भी पढ़ें...
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहंची जहां रूपजहां का शव खाट पर पड़ा था और पूरा परिवार वहां मौजूद था. पुलिस ने आरोपी भाई जाले आलम को गिरफ्तार कर लिया है. एसपी ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है और फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.










