फौजी सुरजीत यादव के घर में घुसकर पहले चोरों ने किया डिनर, फिर कर दिया ये बड़ा कांड
Jalaun Robbery News: जालौन के उरई में एक फौजी के घर में आठ नकाबपोश बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया. भटिंडा में तैनात सैनिक सुरजीत के परिवार को बंधक बनाकर बदमाशों ने करीब 5 लाख के जेवर और 50 हजार की नकदी लूट ली.पुलिस ने मामले की जांच के लिए तीन टीमें गठित की हैं. लेकिन फौजी परिवार दहशत में है.

ADVERTISEMENT
Jalaun Robbery News: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के उरई मुख्यालय स्थित सुशील नगर बी इलाके में बीती रात बदमाशों ने कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ा दीं. भटिंडा (पंजाब) में तैनात सेना के जवान सुरजीत सिंह का परिवार यहां रहकर बच्चों की पढ़ाई करवा रहा था. बीती रात करीब आठ नकाबपोश बदमाश सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और करीब एक घंटे तक घर के अंदर मौत का खेल खेला.
कनपटी पर कट्टा और लूट का 'डिनर'
फौजी की पत्नी पिंकी यादव के मुताबिक, बदमाशों ने घर में घुसते ही उन्हें और उनके बेटे को बंधक बना लिया. विरोध करने पर मारपीट की गई और दहशत फैलाने के लिए बेटे की कनपटी पर तमंचा सटा दिया. बदमाशों की बेखौफियत का आलम यह था कि लूटपाट करने से पहले उन्होंने घर में रखा खाना खाया और दूध भी पिया. पेट पूजा करने के बाद उन्होंने इत्मीनान से घर की तलाशी ली.
'तेरा पति आर्मी में है, बहुत पैसा होगा तेरे पास'
पीड़ित महिला ने बताया कि बदमाशों को पहले से पता था कि घर एक फौजी का है. बदमाश बार-बार कह रहे थे 'तेरे पति आर्मी में हैं बहुत माल (पैसा) होगा तेरे पास, सब निकाल दे.' बदमाशों ने अलमारी और सेफ तोड़कर करीब 5 लाख रुपये के जेवरात और 50 हजार रुपये की नकदी लूट ली. जाते-जाते शातिर बदमाश घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी उखाड़ ले गए ताकि पुलिस के हाथ कोई सुराग न लगे.
यह भी पढ़ें...
पुलिस की कार्रवाई पर सवाल
घटना की सूचना पर सीओ सदर राजीव शर्मा पुलिस और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है. हालांकि परिवार का आरोप है कि इतनी बड़ी डकैती जैसी वारदात को पुलिस शुरुआती तौर पर चोरी की धाराओं में देख रही है.
अधिकारी का बयान
राजीव शर्मा, सीओ सदर ने कहा कि 'सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी. बदमाशों ने छत के रास्ते घुसकर जेवर व नकदी चोरी की और परिजनों को कमरे में बंद कर भाग गए. मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा.'










