मेरठ में शादी से पहले लड़के वालों ने दहेज में मांगी कार, लड़की पक्ष ने प्लास्टिक का खिलौना देकर तोड़ा रिश्ता
मेरठ में शादी से पहले लड़के वालों ने दहेज में कार की मांग की. इसके जवाब में लड़की वालों ने दूल्हे के पिता को प्लास्टिक की खिलौना कार देकर रिश्ता तोड़ दिया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT

लड़के वालों ने दहेज में कार मांगी तो लड़की वालों ने भी थमा दिया प्लास्टिक का एक खिलौना. यह घटना उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की है. जानकारी के मुताबिक परतापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार ने करीब 5 महीने पहले अपनी बेटी का रिश्ता भावनपुर में रहने वाले एक परिवार के बेटे से किया था. सब कुछ सामान्य चल रहा था. सगाई के दौरान कैश और अन्य कुछ चीजें भी दी गईं.
फिर अचानक 5 महीने बीतने के बाद लड़के वालों ने शादी से पहले दहेज में कार की डिमांड कर दी. लड़की पक्ष के लोग भी पीछे नहीं हटे. उन्होंने एक रस्म के लिए लड़के पक्ष के लोगों को घर बुलाया. इसी दौरान उन्होंने बाजार से एक खिलौने की कार मंगाई और दूल्हे के पिता के हाथों में थमा दी. इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो में कार देने वाले कहते हैं, 'तुम्हें इंसान नहीं, कार चाहिए थी. हमने तुम्हें स्कॉर्पियो दे दी है, इसे चलाना.' इसके बाद उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता तोड़ दिया.
पांच महीने पहले तय हुआ था रिश्ता
यह मामला मेरठ का बताया जा रहा है. भावनपुर इलाके के गांव में रहने वाले एक व्यक्ति के बेटे का रिश्ता करीब पांच महीने पहले परतापुर थाना क्षेत्र के एक परिवार की लड़की से तय हुआ था. रिश्ता पक्का होने के बाद सगाई भी हुई थी, जिसमें लड़की वालों ने नकद राशि और कुछ अन्य सामान दिया था.
यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल का मायावती ने किया स्वागत, बोली- 'महिलाओं को जल्द से जल्द मिले 33 फीसदी आरक्षण'
जमीन बिकने के बाद कार की मांग
लड़की पक्ष के आरोपों के अनुसार शुरुआत में सबकुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन कुछ दिन पहले उन्होंने परिवार की कुछ जमीन बेची थी. आरोप है कि जमीन बिकने की बात लड़के पक्ष को पता चल गई. इसके बाद लड़के वालों ने दहेज में कार की मांग रख दी. शादी से पहले अचानक आई इस नई डिमांड के बाद लड़की वालों ने लड़के पक्ष के लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी.
जब बात नहीं बनी तो उन्होंने इससे छुटकारा पाने के लिए नई तरकीब निकाल ली. लाल खत की रस्म के लिए लड़के पक्ष के लोगों को घर बुलाया. लड़के वाले भी सुबह-सुबह ही पहुंच गए. सुबह से दोपहर, शाम और फिर रात के 10 बज गए, लेकिन रस्म नहीं हुई. वायरल वीडियो में लड़की पक्ष के लोग बताते सुनाई देते हैं कि लड़के वाले सुबह से आए हुए हैं और अब रात के 10 बज चुके हैं. इसके बाद एक व्यक्ति बच्चों के खेलने वाली प्लास्टिक की कार लेकर आता है और दूल्हे के पिता को देता है.
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के सभी 37 सांसद करेंगे परिसीमन बिल का विरोध, सपा ने जारी किया 3 लाइन का व्हिप
तंज कसते हुए रिश्ता खत्म
खिलौना कार देते हुए लड़की वालों ने तंज कसते हुए कहा, 'तुम्हें इंसान नहीं, कार चाहिए थी. हमने तुम्हें स्कॉर्पियो दे दी है, इसे चलाना.' वीडियो में यह भी कहा जाता है कि रिश्ता तोड़ दिया गया है, सगाई वापस कर दी गई है और शादी रद्द कर दी गई है. सोशल मीडिया पर लोग इसे दहेज की मांग के विरोध के रूप में देख रहे हैं. हालांकि अभी तक पुलिस या दोनों पक्षों की तरफ से कोई बयान नहीं आया है.
