संभल में SP सांसद के बेटे की रिसेप्शन पार्टी में चोरी, जेबकतरे कांग्रेस नेता हाजी इकराम कुरैशी के चुरा ले गए हजारों रुपए
उत्तर प्रदेश के संभल में राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे की रिसेप्शन पार्टी में पहुंचे कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हाजी इकराम कुरैशी के साथ चोरों ने खेल कर दिया. चोर ने नेताजी की जेब काट दी और 27500 रुपए लेकर फरार हो गए.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश के संभल में राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे की रिसेप्शन पार्टी में पहुंचे कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हाजी इकराम कुरैशी के साथ चोरों ने खेल कर दिया. नेताजी अपनी जेबों में 27500 रुपए भरकर आए थे. चोरों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने नेता जी की जेब काट दी. इसके बाद पूरा कैश लेकर वह मौके से फरार हो गए.
इस समारोह में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी पहुंचे थे. उनके आगमन पर भीड़ बढ़ने लगी, तभी सुरक्षा इंतजामों के बीच अव्यवस्था की स्थिति बन गई. इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर चोरों ने अपना हाथ साफ कर दिया. घटना के बाद जब पत्रकारों ने हाजी इकराम कुरैशी से पैसे जाने और समारोह में आए नेताओं को लेकर सवाल किया, तो वह नाराज हो गए और उन्होंने जो जवाब दिया उसकी अब खूब चर्चा हो रही है.
रिसेप्शन में चोरों ने उठाया भीड़ का फायदा
संभल में सपा सांसद जावेद अली खान के बेटे की रिसेप्शन पार्टी चल रही थी. नवदंपति को आशीर्वाद देने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी कार्यक्रम में पहुंचे थे. उनके आने के बाद वहां नेताओं और मेहमानों की काफी भीड़ जुट गई. बताया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था होने के बावजूद भी भीड़ अचानक बढ़ गई, जिससे भारी अव्यवस्था हो गई, इसी दौरान चोरों ने पूर्व विधायक हाजी इकराम कुरैशी की जेब काट ली.
दोनों जेबों से 27500 रुपये गायब
हाजी इकराम कुरैशी ने पत्रकारों को बताया कि उनकी एक जेब में 25 हजार रुपये नकद रखे थे. वहीं दूसरी जेब में ढाई हजार रुपये का लिफाफा मौजूद था. उनका आरोप है कि जेबकतरे दोनों जेबों से कुल 27,500 रुपये लेकर भाग गए.
पत्रकारों के सवाल पर भड़के
जेब कटने के बाद पत्रकारों ने उनसे बात की. उन्होंने हाजी इकराम कुरैशी से पूछा कि रिसेप्शन में कौन-कौन से नेता आए हैं, तो उनका मूड खराब हो गया. उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा, 'मुझे नहीं पता यार.. मेरी यहां पर मत खराब हो रही है और तुम मुझसे उल्टे-सीधे सवाल पूछ रहे हो. मुझे क्या पता कौन-कौन से नेता आए हैं, इस बारे में तो तुम्हें पता होगा.' अब यह घटना और उनका यह जवाब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: अखिलेश यादव के सभी 37 सांसद करेंगे परिसीमन बिल का विरोध, सपा ने जारी किया 3 लाइन का व्हिप
