यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 दिसंबर को कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के प्राथमिक सेक्शन का उद्घाटन करेंगे. आपको बता दें कि प्रधानमंत्री की ओर से उद्घाटन के बाद आम लोग 29 दिसंबर को सुबह 6 बजे से कानपुर मेट्रो की सवारी कर सकेंगे. दरअसल, कानपुर मेट्रो के लिए 2 कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं, जिसकी कुल लंबाई 32 किलोमीटर है. कॉरिडोर-1 (IIT कानपुर से नौबस्ता) में मेट्रो 15.2 KM एलिवेटड जबकि 8.6 KM अंडरग्राउंड चलेगी. वहीं, कॉरिडोर-2 (एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी से बर्रा-8) में मेट्रो 4.2 KM एलिवेटड जबकि 4.4 KM अंडरग्राउंड चलेगी. आपको बता दें कि कॉरिडोर-1 में 21 और कॉरिडोर-2 में 8 मेट्रो स्टेशन बनाए जा रहे हैं. गौरतलब है कि कानपुर मेट्रो रेल परियोजना को 11076.48 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है.