लेटेस्ट न्यूज़

'भाई मुझे बचा लो'... मौत से पहले आशिया ने लिखा आखिरी मैसेज, लखनऊ में झाड़ियों के अंदर मिली लाश

Lucknow murder case: लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में आउटर रिंग रोड की सर्विस लेन के किनारे एक 25 साल की युवती की लाश बरामद हुई है. मृतका की पहचान उन्नाव के सफीपुर निवासी आशिया के रूप में हुई है.

ADVERTISEMENT

Ashiya murder case
Ashiya murder case
social share
Google CTA

Lucknow murder case: लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में आउटर रिंग रोड की सर्विस लेन के किनारे एक 25 साल की युवती की लाश बरामद हुई है. मृतका की पहचान उन्नाव के सफीपुर निवासी आशिया के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक आशिया की हत्या कहीं और की गई थी और सबूत मिटाने के लिए आरोपियों ने उसकी लास सैदपुर गांव के पास झाड़ियों में फेंक दी. आशिया ने मरने से ठीक पहले अपने भाई और बहन को व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर ये बताया था की उसकी मझली बहन शाहीन ने उसका अपहरण करवाया है. फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

झाड़ियों में मिला युवती का शव

लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में आउटर रिंग रोड की सर्विस लेन के किनारे झाड़ियों में एक युवती का शव मिला है. पुलिस ने मौके से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की है. मृतका उन्नाव के सफीपुर की रहने वाली 25 वर्षीय आशिया उर्फ नरगिस उर्फ टीना थी.

पुलिस के मुताबिक आशिया की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई थी. इसके बाद सबूत मिटाने के इरादे से उसका शव सैदपुर गांव के पास झाड़ियों में फेंक दिया गया. लाश को कब्जे में लेकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई

पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में आशिया की मौत की वजह सामने आई. रिपोर्ट के मुताबिक हत्यारों ने पहले उसके सिर पर किसी भारी चीज से वार किया. इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई. रिपोर्ट में आशिया की मौत का मुख्य कारण गला दबाकर दम घुटने से हुई है.

पुलिस ने आगे की जांच के लिए आशिया का विसरा सुरक्षित रख लिया है. अब पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य सबूतों को जुटा रही है, ताकि हत्या की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाया जा सके.

आखिरी मैसेज में अपहरण की बात

इस हत्याकांड में आशिया के आखिरी व्हाट्सएप मैसेज को अहम माना जा रहा है. जानकारी के मुताबिक शनिवार को आशिया अपनी बड़ी बहन नसरीन के नवाबगंज स्थित घर से उन्नाव जाने के लिए निकली थी. इसी दौरान रास्ते में उसका अपहरण कर लिया गया.

मौत से कुछ देर पहले आशिया ने फोन से अपने बड़े भाई और बहन नसरीन को मैसेज भेजे थे. इन मैसेज में उसने अपनी मझली बहन शाहीन पर अपहरण कराने का आरोप लगाया है. उसने लिखा था कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार में कुछ लोग उसे उठा ले गए हैं.

मैसेज में आशिया ने अपने भाई से जान बचाने की गुहार लगाई थी. उसने यह भी लिखा था कि आरोपियों ने उसके रुपये छीन लिए हैं. आशिया ने मैसेज में अरसलान, कल्लू और मुदब्बिर नाम के लोगों का जिक्र किया था. उसने बताया था कि इन लोगों के नाम एक पर्ची पर लिखकर अपने बैग में रखे हैं.

सात साल पहले किया था प्रेम विवाह

परिजनों के मुताबिक आशिया की निजी जिंदगी में कई उतार-चढ़ाव आए थे. करीब सात साल पहले उसने गांव के ही एक हिंदू युवक से प्रेम विवाह किया था. इसके बाद वह उसके साथ दिल्ली चली गई थी. दोनों की एक चार साल की बेटी भी है.

करीब दो साल बाद पहले पति से विवाद होने पर आशिया वापस लौट आई थी. इसके बाद उसके पिता कमरुद्दीन ने 21 फरवरी 2021 को उसका दूसरा निकाह उन्नाव के माखी क्षेत्र के रुपऊ गांव निवासी नासिर से करा दिया था.

हालांकि दूसरे निकाह के बाद आशिया ससुराल में सिर्फ एक रात ही रुकी. अनबन के कारण वह वापस लौट आई थी. इससे नाराज होकर उसके पिता ने भी उसे घर से बेदखल कर दिया था. इसके बाद से वह सफीपुर में किराये के मकान में अपनी बेटी के साथ रह रही थी. पिछले एक महीने से वह नवाबगंज में अपनी बड़ी बहन नसरीन के पास रुकी हुई थी.

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस

आशिया की बड़ी बहन नसरीन की तहरीर पर दुबग्गा पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या और सबूत छिपाने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. एसीपी काकोरी शकील अहमद ने बताया कि परिवार की ओर से दिए गए व्हाट्सएप मैसेज के स्क्रीनशॉट को जांच में शामिल किया गया है.

पुलिस ने कुछ करीबियों और संदिग्धों को हिरासत में लिया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस मोबाइल लोकेशन और दूसरे सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: 'शुक्र है कि राम ने किसी...' संजय सिंह के जातिवादी वाले आरोप पर CEO नवदीप रिणवा का तगड़ा तंज