भीषण गर्मी के बीच लखनऊ से गाजीपुर वोट डालने पहुंचे 90 साल के 'गुरु जी', लोकतंत्र के लिए कह दी ये बात
गाजीपुर के पोलिंग स्टेशन नंबर 102 पर पहुंचकर वोट करने वाले 90 वर्षीय बुजुर्ग शख्स का नाम राजेश्वर उपाध्याय है. गौर करने वाली बात यह है कि 90 वर्षीय राजेश्वर उपाध्याय खास तौर पर लखनऊ से गाजीपुर वोट डालने के लिए पहुंचे हैं.
ADVERTISEMENT

Ghazipur Loksabha Seat 7th Phase Voting Updates: उत्तर प्रदेश में आज यानी शनिवार को 13 सीटों पर सातवें और आखिरी चरण की वोटिंग चल है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगी. इसके बाद आज शाम को साढ़े 6 बजे के बाद एग्जिट पोल्स के आंकड़े सामने आएंगे. वहीं, चार जून को यह तस्वीर सामने आ जाएगी कि देश में अगली सरकार किसकी बनेगी. सातवें फेज की वोटिंग के बीच एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है. आपको बता दें कि गाजीपुर में चिलचिलाती धूप के बीच 90 वर्षीय एक बुर्जुग ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला है. खबर में आगे जानिए कौन हैं ये?
गाजीपुर के पोलिंग स्टेशन नंबर 102 पर पहुंचकर वोट करने वाले 90 वर्षीय बुजुर्ग शख्स का नाम राजेश्वर उपाध्याय है. मालूम हो कि गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के रहने वाले सेवानिवृत्त प्राधानाध्यापक राजेश्वर उपाध्याय ने इस सुबह पोलिंग बूथ पर परिवार के साथ पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इन्हें मोहम्मदाबाद और आसपास के क्षेत्रों में लोग गुरुजी कहते हैं. लखनऊ से मोहम्मदाबाद पहुंचकर मतदान करने के बाद उन्होंने क्षेत्र में पढ़ाए हुए शिष्यों और तमाम लोगों को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाया. एक जागरूक नागरिक के तौर पर लगातार मतदाधिकार का प्रयोग कर रहे राजेश्वर उपाध्याय के सिद्धांतों के आगे उम्र भी आड़े नहीं आया.

इस उम्र और चिलचिलाती धूप के बीच वोट डालने पहुंचे राजेश्वर उपाध्याय आज लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं. गाजीपुर के जिस मतदान केंद्र पर राजेश्वर उपाध्याय ने वोट डाला, वहां वो चर्चा का विषय बन गए.
आज यूपी में कहां-कहां हो रहा मतदान?
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण के लिए शनिवार को उत्तर प्रदेश की 13 सीटों पर मतदान चल रहा है. इस चरण की 13 लोकसभा सीट में महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर और रॉबर्ट्सगंज शामिल हैं.
आज कौन-कौन उम्मीदवार हैं मैदान में?
इस चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में वाराणसी से प्रधानमंत्री मोदी के अलावा केंद्रीय मंत्री अपना दल (एस) की नेता अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर से, पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर बलिया से, माफिया मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी गाजीपुर से, केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय चंदौली से, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी महाराजगंज से, भोजपुरी अभिनेता रवि किशन गोरखपुर से शामिल हैं.
