UP Weather: यूपी में कल सुबह-शाम बढ़ेगी ठिठुरन, कोहरे के साथ 2 से 4 डिग्री तक गिरेगा पारा
उत्तर प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 13 नवंबर को पूरे प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहेगा. हालांकि सुबह कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है. इसके साथ ही अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिरने की संभावना है, जिससे सर्दी और बढ़ेगी.
ADVERTISEMENT

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अब तेजी से बदल रहा है. शहरों से लेकर गांवों तक सर्दियों का अहसास बढ़ने लगा है. सुबह-शाम घरों से बाहर निकलने से पहले लोग सर्दी से बचने के लिए गरम कपड़े पहन रहे हैं. मौसम में यह बदलाव और सर्दी का बढ़ता प्रभाव पश्चिमी विक्षोभ और पछुआ हवाओं के असर के कारण देखने को मिल रहा है. हालांकि मौसम विभाग ने कल 13 नवंबर 2026 के लिए पूरे प्रदेश में किसी भी तरह की कोई भी चेतावनी जारी नहीं की है. लेकिन सुबह के समय प्रदेश के कई हिस्सों में हल्का कोहरा छाया रहने की उम्मीद जताई गई है.
पश्चिमी और पूर्वी यूपी में मौसम का हाल
कल 13 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम पूरी तरह से साफ और शुष्क रहेगा. बारिश या किसी अन्य मौसमी गतिविधि को लेकर विभाग ने कोई चेतावनी भी जारी नहीं की है. लेकिन सुबह के समय दोनों ही क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे विजिबिलिटी पर थोड़ा असर दिखेगा.
पिछले 24 घंटे में दर्ज हुआ घना कोहरा
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले 24 घंटों में पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम पूरी तरह सूखा रहा है. हालांकि प्रदेश के दोनों संभागों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिला. पूर्वी उत्तर प्रदेश के एक-दो स्थानों पर घना कोहरा भी दर्ज किया गया है. आजमगढ़ में न्यूनतम दृश्यता (विजिबिलिटी) महज 100 मीटर तक दर्ज की गई है.
12 नवंबर को कैसा रहा प्रदूषण का हाल?
वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के मुताबिक 12 नवंबर 2026 को यूपी के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया. गाजियाबाद (338), नोएडा (311), शामली (311) और खुर्जा (304) में हवा सबसे ज्यादा जहरीली रही है.
ध्यान दें: AQI की श्रेणियां इस प्रकार हैं- 0-50 अच्छी, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब और 301-400 बेहद खराब. यह डेटा 12 नवंबर को शाम 4 बजे जारी बुलेटिन में दर्ज पिछले 24 घंटे के औसत पर आधारित है.
अगले 7 दिनों में कैसा रहेगा तापमान?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले 7 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है. वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो अगले 3 से 4 दिनों तक इसमें कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद इसमें भी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे ठंड और बढ़ जाएगी.
यह भी पढ़ें: अपना सीएम कैंडिडेट चंद्रशेखर आजाद को बनाया, फिर अखिलेश और कांग्रेस को दिया ये ऑफर
