लेटेस्ट न्यूज़

UP School Holiday: यूपी के 60 जिलों में कल स्कूल बंद, 15 जिलों के छात्रों को जाना होगा

UP School Closed: उत्तर प्रदेश में UPSSSC की PET-2026 परीक्षा के चलते 30 अक्टूबर को कई जिलों में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे. प्रयागराज, लखनऊ, गाजियाबाद, बदायूं, कन्नौज, हरदोई और बागपत समेत परीक्षा वाले जिलों में अवकाश की सूचना है.

ADVERTISEMENT

UPTak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) 2026 को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है. प्रयागराज समेत कई जिलों में 30 अक्टूबर को कक्षा 6 से 12 तक के स्कूलों में एक दिन का शैक्षणिक अवकाश रहेगा. आदेश राजकीय, अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के साथ सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों के स्कूल-कॉलेजों पर भी लागू होगा.

जिन जिलों में पीईटी परीक्षा होने वाली है, उनके जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) या जिलाधिकारी की तरफ से आदेश जारी किया गया है. सभी स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया गया है कि आदेश का सख्ती से पालन किया जाए. छुट्टी PET परीक्षा के आयोजन को देखते हुए दी गई है, जिसे उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) आयोजित कर रहा है.

लखनऊ से बागपत तक, इन जिलों में भी स्कूल बंद

प्रयागराज के अलावा लखनऊ, गाजियाबाद, बदायूं, कन्नौज, हरदोई, सहारनपुर, अयोध्या और बागपत में भी 30 अक्टूबर को स्कूलों में अवकाश रहेगा. इसके अलावा, उन 60 जिलों में स्कूल बंद रहने की सूचना है जहां पीईटी परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है. हालांकि, अभिभावकों और विद्यार्थियों को अपने स्कूल से भी छुट्टी की पुष्टि कर लेनी चाहिए.

इन जिलों में स्कूल खुले रहेंगे

पीईटी-2026 की परीक्षा प्रदेश के 60 जिलों में आयोजित की जा रही है. 15 जिले ऐसे हैं जहां परीक्षा आयोजित नहीं होगी. अंबेडकर नगर, अमेठी, बलिया, बलरामपुर, चंदौली, चित्रकूट, कासगंज, कुशीनगर, ललितपुर, महोबा, संभल, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, सोनभद्र और वाराणसी में स्कूल खुले रहेंगे.  

कितने जिलों में होगी PET परीक्षा?

UPSSSC की PET-2026 परीक्षा 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को आयोजित की जा रही है. 30 अक्टूबर को परीक्षा दो पालियों में होगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है. 

परीक्षा के लिए करीब 35.41 लाख अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. परीक्षा 60 जिलों के 1,372 केंद्रों पर आयोजित की जा रही है. 

पीईटी का पूरा नाम Preliminary Eligibility Test (प्रारंभिक अर्हता परीक्षा) है. इसे उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) आयोजित करता है. आसान भाषा में समझें तो पीईटी उत्तर प्रदेश में कई सरकारी भर्तियों के लिए शुरुआती परीक्षा है. इसे पास करने या इसमें निर्धारित मानदंड पूरा करने के बाद अभ्यर्थी आयोग की संबंधित भर्तियों की अगली चयन प्रक्रिया में शामिल होने के योग्य हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें - UP MLC Result: पहले किसके पास थी सीट और अब किसे मिल गई, सपा-भाजपा को कितनी-कितनी सीटें मिली?