लेटेस्ट न्यूज़

कोरोना को लेकर CM योगी ने दिए ये खास निर्देश, पुराने ऑक्सीजन प्लांट चालू रखने का आदेश

UP Coronavirus Guideline: चीन में बढ़ते कोरोना के मामलों ने भारत में भी चिंता बढ़ा दी है. कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर यूपी सरकार…

ADVERTISEMENT

UPTak
social share
Google CTA

UP Coronavirus Guideline: चीन में बढ़ते कोरोना के मामलों ने भारत में भी चिंता बढ़ा दी है. कोरोना के नए वैरिएंट को लेकर यूपी सरकार भी अलर्ट मोड में है. वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) ने शुक्रवार को शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों और जोन, मंडल, रेंज व जिला स्तर के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की. बैठक में सीएम योगी ने प्रदेश की ग्लोबल इन्वेस्टर सम्मिट, कानून-व्यवस्था, कोविड-19 (Covid-19), कोहरा, शीतलहर और विकास कार्यों पर समीक्षा बैठक की.

बैठक में सीएम योगी ने कहा पिछले कुछ दिनों से कई देशों में कोविड के मामलों में बढ़ोतरी देखी जा रही है. यद्यपि प्रदेश में अभी स्थिति पूरी तरह सामान्य है, फिर भी हमें सतर्क-सावधान रहना होगा.

सीएम योगी ने निर्देश दिए कि अस्पतालों, बस, रेलवे स्टेशन, बाजारों जैसे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर फेस मास्क लगाए जाने के लिए लोगों को जागरूक करें. पब्लिक एड्रेस सिस्टम को एक्टिव करें. सीएम योगी ने कहा, ‘हमारे जो पुराने आईसीयू हैं, ऑक्सीजन प्लांट हैं उन्हें हर स्थिति में चालू रखा जाए. हर जिले में आईसीयू, वेंटिलेटर, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई थी, सीएमओ यह सुनिश्चित करें कि सभी अस्पतालों में चिकित्सकीय उपकरणों की क्रियाशीलता, डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित कराएं.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगर कहीं डॉक्टर या पैरामेडिकल स्टाफ की कमी है, तत्काल बताएं. जीवनरक्षक दवाओं की आपूर्ति चेन सुचारू बनी रहे. इसके अलावा लोगों से अपील की गई है कि भीड़भाड़ भरे स्थल जैसे सिनेमा हॉल, शॉपिंग मॉल या अन्य जगह मास्क लगाकर जाएं.

क्रिसमस की तैयारियों को लेकर उन्होंने चर्च के पास साफ-सफाई की व्यवस्था करने को कहा है. सीएम ने कहा कि आगामी 25 दिसंबर को क्रिसमस का त्योहार है. सभी धर्मगुरुओं के साथ संवाद बनाते हुए शांतिपूर्ण माहौल के बीच क्रिसमस आयोजन मनाने की व्यवस्था हो. यह सुनिश्चित किया जाए, कहीं भी धर्मांतरण की घटना न होने पाए. बैठक में सीएम योगी ने कानून-व्यवस्था को लेकर सचेत रहने और गश्त बढ़ाने को कहा है. शीतलहर को देखते हुए सीएम योगी ने कहा कि ऐसी व्यवस्था की जाए कि प्रदेश में किसी व्यक्ति को खुले आसमान के नीचे ना सोना पड़े. सभी को रैन बसेरों में ले जाया जाए, रैन बसेरे व्यवस्थित किए जाएं. सभी जिले के जिलाधिकारियों को रैन बसेरे की व्यवस्था देखने को कहा गया है.

सौहार्दपूर्ण माहौल में हो क्रिसमस का आयोजन, न होने पाए धर्मांतरण की घटनाएं: सीएम योगी