बंदी बन जाते हैं RJ, फरमाइश पर बजते हैं गाने! कैदियों की मेंटल हीलिंग कर रहा वर्तिका नंदा का ये यूनीक जेल रेडियो
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस 2024 हर साल 10 अक्टूबर को मनाया जाता है. क्या आपने कभी जेल में बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य के बारे में सोचा है? तिनका तिनका एक ऐसी संस्था है जो आगरा जेल, उत्तर प्रदेश में जेल रेडियो के माध्यम से बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए काम कर रही है.
ADVERTISEMENT

World Mental Health Day 2024: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस हर साल 10 अक्टूबर को मनाया जाता है. आज के समय में हर कोई मानसिक स्वास्थ्य के बारे में बात कर रहा है और यह जरूरी भी है. अगर आप गौर से देखेंगे तो हमारे आसपास दो तरह की दुनिया हैं. एक दुनिया के इंसान खुली हवा में घूमते हैं और नियमों के दायरे के भीतर कुछ भी करने के लिए स्वतंत्र हैं. वहीं, हमारे ही पास एक दूसरी दुनिया है, जिसका नाम जेल है. यहां रहने वाले बंदी अपने अनुसार कुछ भी करने के लिए स्वतंत्र नहीं रहते हैं, क्योंकि वे यहां सजा के तौर पर आते हैं. पर क्या हमने कभी सोचा है कि जो जेल में बंदी हैं, उनकी मेंटल हेल्थ का क्या? आपको जानकारी दे दें कि देश में कुछ ऐसी संस्थाएं हैं, जो जेलों में बंदियों में सकारात्मक सुधार लाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही हैं. उन्हीं में से एक संस्था है, जिसका नाम 'तिनका तिनका' है. आज आप इस खबर के माध्यम से जानिए कैसे तिनका तिनका उत्तर प्रदेश की आगरा जेल में जेल रेडियो के जरिए बंदियों के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार लाने के लिए अहम भूमिका निभा रहा है.