उत्तर प्रदेश में कल कई जिलों में होगी हल्की बारिश, सुबह छाया रहेगा कोहरा, IMD ने जारी किया ताजा अपडेट
UP Weather: उत्तर प्रदेश में 2 नवंबर को मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी यूपी के मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली और बलिया समेत आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं.
ADVERTISEMENT

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मौसम कल स्थिर बना रहेगा. हालांकि पछुआ हवाओं के असर के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और सुबह के समय कोहरा देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के अनुसार कल 2 नवंबर 2026 को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश और बौछारें पड़ने की संभावना है. हालांकि मौसम विभाग ने बारिश या तेज हवाओं को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है.
पश्चिमी और पूर्वी यूपी का मौसम
कल 2 नवंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से सूखा रहने का अनुमान है. लेकिन सुबह के समय कुछ जगहों पर हल्का कोहरा छा सकता है.
वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है. पूर्वी यूपी में भी सुबह के समय कुछ स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिलेगा.
इन जिलों में हो सकती है बारिश
पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिन इलाकों में हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है, उनमें मिर्ज़ापुर, सोनभद्र, चंदौली, बलिया और इनके आस-पास के जिले शामिल हैं.
कोई अलर्ट या चेतावनी नहीं
राहत की बात यह है कि मौसम विभाग ने 2 नवंबर और आने वाले कुछ दिनों के लिए प्रदेश के किसी भी हिस्से में भारी बारिश, ओले या आंधी-तूफान का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है.
आने वाले दिनों का तापमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. न्यूनतम तापमान की बात करें तो अगले 3 से 4 दिनों में इसमें धीरे-धीरे 1 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे सुबह और शाम को हल्की ठंड महसूस होगी.
यह भी पढ़ें: यूपी में 'साइक्लोन अर्नब' से किसानों की फसल खराब, सरकार ने किया मुआवजा देने का ऐलान
