वैश्विक बाजार में चांदी की कीमतों में मचा कोहराम, भारत में सिल्वर और गोल्ड की कीमतों का अभी ये हाल
Silver price crash: वैश्विक बाजार में चांदी की कीमतों में आए ऐतिहासिक क्रैश ने निवेशकों के बीच हड़कंप मचा दिया है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी अपने लाइफ टाइम हाई से 40% तक लुढ़ककर 64 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है जिसका सीधा असर भारतीय बाजार (MCX) पर दिख रहा है.
ADVERTISEMENT

1/8
पिछले कुछ समय से रॉकेट की रफ्तार से भाग रही चांदी की कीमतों में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट देखी जा रही है. अंतरराष्ट्रीय बाजार से लेकर भारत के सर्राफा बाजार तक, चांदी की चमक अचानक फीकी पड़ गई है. निवेश करने वाले निवेशक अब भारी घाटे की आशंका से बेहाल नजर आ रहे हैं.

2/8
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक ग्लोबल मार्केट में चांदी की कीमतों में जबरदस्त क्रैश हुआ है. पिछले महीने जो चांदी 120 डॉलर प्रति औंस के जादुई आंकड़े तक पहुंच गई थी, वह अब अपने लाइफ टाइम हाई से करीब 40 फीसदी गिरकर महज 64 डॉलर प्रति औंस पर आ गई है. अकेले गुरुवार को ही अंतरराष्ट्रीय कीमतों में 20% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई.

3/8
वैश्विक गिरावट का सीधा असर भारतीय वायदा बाजार (MCX) पर दिख रहा है. 29 जनवरी को जो चांदी 4,30,048 रुपये प्रति किलो के शिखर पर थी, वह अब तक 1,76,233 रुपये प्रति किलो टूट चुकी है. घरेलू बाजार में चांदी की यह गिरावट ज्वेलरी मार्केट में हलचल मचा रही है.

4/8
गुरुवार का दिन चांदी के लिए 'ब्लैक थर्सडे' साबित हुआ. एमसीएक्स पर चांदी का भाव एक ही दिन में 25,035 रुपये प्रति किलो लुढ़क गया. दिन की शुरुआत में भाव 2.30 लाख रुपये तक गिर गया था, हालांकि क्लोजिंग तक यह संभलकर 2,43,815 रुपये पर बंद हुआ, लेकिन निवेशकों को तगड़ा झटका दे गया.

5/8
चांदी की राह पर चलते हुए सोने की कीमतों में भी भारी करेक्शन देखा जा रहा है. 29 जनवरी को 24 कैरेट सोना (10 ग्राम) 1,93,096 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था. अब तक सोना अपने हाई लेवल से 41,025 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है. गुरुवार को एमसीएक्स पर सोना 1,52,071 रुपये पर बंद हुआ.

6/8
चांदी की तेज रफ्तार को देखकर जिन लोगों ने इसे निवेश के तौर पर खरीदा था, उनका बुरा हाल है. रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद हर रोज कीमतों में हो रही बड़ी गिरावट ने पोर्टफोलियो को लाल निशान में ला दिया है. बाजार के एक्सपर्ट्स का मानना है कि ग्लोबल कोहराम का असर अभी कुछ और दिनों तक कीमतों में उतार-चढ़ाव के रूप में दिख सकता है.

7/8
चांदी और सोने की कीमतों में आई यह गिरावट उन लोगों के लिए मौका हो सकती है जो खरीदारी का इंतजार कर रहे थे, लेकिन निवेशकों के लिए यह जोखिम भरा समय है.

8/8
(डिस्क्लेमर: यहां कोई निवेश सलाह नहीं दी गई है. सोना-चांदी या गोल्ड-सिल्वर ईटीएफ में निवेश करने से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स या वित्तीय सलाहकारों से चर्चा जरूर करें.)











