नेचर लवर्स के लिए जन्नत है यूपी का यह वाइल्डलाइफ सेंचुरी , तस्वीरों में देखिए इसकी खूबसूरती
Chandra Prabha Wildlife Sanctuary: चंदौली जिले में स्थित चंद्रप्रभा वाइल्डलाइफ सैंक्चुअरी (Wildlife Sanctuary) उत्तर प्रदेश के प्रमुख इको-टूरिज्म स्थलों में शामिल है. यह सैंक्चुअरी दुर्लभ ब्लैक डक, 150 से अधिक पक्षी प्रजातियों, राजदरी-देवदरी जलप्रपात, प्राचीन गुफाओं और समृद्ध वन्यजीवों के लिए प्रसिद्ध है. तस्वीरों में देखिए इस प्राकृतिक स्वर्ग की खूबसूरती.
ADVERTISEMENT

1/8
चंद्रप्रभा वाइल्डलाइफ सेंचुरी प्रकृति की गोद में बसा एक ऐसा अद्भुत स्थल है, जहां हरियाली से ढके जंगल, कल-कल बहती नदी, ऊंचे जलप्रपात और वन्यजीवों की विविध दुनिया एक साथ देखने को मिलती है.

2/8
चंद्रप्रभा वाइल्डलाइफ सेंचुरी उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में स्थित है. यह वाराणसी से लगभग 70 किलोमीटर दूर विंध्य पर्वतमाला की गोद में बसा हुआ है. हरियाली, पहाड़ों और शांत वातावरण से घिरा यह स्थान प्रकृति प्रेमियों को खास आकर्षित करता है.

3/8
18वीं शताब्दी में यह क्षेत्र वाराणसी के राजाओं का शिकार स्थल हुआ करता था. वन्यजीवों और प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के लिए वर्ष 1957 में इसे वन्यजीव अभयारण्य घोषित किया गया. आज यह उत्तर प्रदेश के प्रमुख इको-टूरिज्म स्थलों में गिना जाता है.

4/8
चंद्रप्रभा सेंचुरी कई दुर्लभ और आकर्षक जीवों का घर है. यहां चीतल, सांभर, नीलगाय, साही, घड़ियाल और अजगर जैसी प्रजातियां देखने को मिलती हैं. जंगल की सैर के दौरान पर्यटक इन वन्यजीवों को उनके प्राकृतिक आवास में देख सकते हैं.

5/8
चंद्रप्रभा वाइल्डलाइफ सेंचुरी पक्षी प्रेमियों के बीच विशेष पहचान रखता है. यह अभयारण्य दुर्लभ ब्लैक डक के लिए प्रसिद्ध माना जाता है, जिसे देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक आते हैं. यहां 150 से अधिक पक्षी प्रजातियां पाई जाती हैं, जिससे यह बर्ड वॉचिंग और फोटोग्राफी के लिए एक शानदार स्थान बन जाता है.

6/8
सेंचुरी के भीतर स्थित राजदरी और देवदरी वॉटरफॉल इसकी सबसे बड़ी पहचान हैं. ऊंची चट्टानों से गिरता पानी और आसपास का हरा-भरा वातावरण पर्यटकों को खुश कर देता हैं. मानसून के मौसम में यहां की सुंदरता अपने चरम पर होती है.

7/8
चंद्रप्रभा वाइल्डलाइफ केवल प्राकृतिक सुंदरता के लिए ही नहीं बल्कि ऐतिहासिक महत्व के लिए भी जाना जाता है. यहां कई प्राचीन गुफाएं और चट्टानों पर बने शैल चित्र मौजूद हैं. ये चित्र प्रागैतिहासिक मानव जीवन, संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाते हैं.

8/8
घने जंगल, पहाड़ी रास्ते और बहती नदी की धाराएं इस अभयारण्य को रोमांच प्रेमियों के लिए खास बनाती हैं. यहां ट्रैकिंग, प्रकृति भ्रमण और फोटोग्राफी का अलग ही अनुभव मिलता है. प्राकृतिक सुंदरता, वन्यजीव और इतिहास का संगम चंद्रप्रभा वन्यजीव अभयारण्य को उत्तर प्रदेश के सबसे आकर्षक पर्यटन स्थलों में शामिल करता है.
(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रही मान्या पाण्डेय ने लिखा है.)