यूपी में छिपा है एक अनोखा बीच जिसे कहते हैं मिनी गोवा, पिकनिक के लिए बेस्ट प्लेस
Chuka Beach Pilibhit: पीलीभीत टाइगर रिजर्व में स्थित चूका बीच उत्तर प्रदेश का एक खूबसूरत ऑफबीट पर्यटन स्थल है. शारदा नदी के किनारे बसे इस बीच पर जंगल, ट्री हाउस, बोट राइडिंग, सनराइज-सनसेट पॉइंट और वाइल्डलाइफ सफारी का शानदार अनुभव मिलता है. अगर आप कम बजट में प्रकृति और सुकून से भरी यात्रा की तलाश में हैं तो चूका बीच आपके लिए बेहतरीन वीकेंड डेस्टिनेशन साबित हो सकता है. यहां फोटोग्राफी और एडवेंचर के भी शानदार अवसर मौजूद हैं.
ADVERTISEMENT

1/7
बीच का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में गोवा की तस्वीर उभरती है, लेकिन उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में भी एक खूबसूरत बीच मौजूद है. पीलीभीत टाइगर रिजर्व के भीतर स्थित चूका बीच प्रकृति प्रेमियों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है. यहां हरे-भरे जंगल, शांत वातावरण और नदी का किनारा मिलकर एक अनोखा अनुभव देते हैं. कम बजट में ऑफ-बीट डेस्टिनेशन की तलाश करने वालों के लिए यह जगह बेहतरीन विकल्प बन चुकी है.

2/7
चूका बीच तक पहुंचने के लिए पहले पीलीभीत आना होता है. बरेली का एयरपोर्ट यहां का सबसे नजदीकी हवाई अड्डा है, जो लगभग 55 किलोमीटर दूर स्थित है. रेल यात्रियों के लिए पीलीभीत जंक्शन प्रमुख स्टेशन है, जबकि सड़क मार्ग से लखनऊ, दिल्ली, बरेली और नैनीताल जैसे शहरों से बस और टैक्सी की सुविधा उपलब्ध है. पीलीभीत पहुंचने के बाद चूका बीच तक निजी वाहन या टैक्सी से आसानी से जाया जा सकता है.

3/7
शारदा नदी के किनारे स्थित चूका बीच अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है. चारों तरफ फैले घने जंगल और ठंडी हवाएं यहां आने वाले पर्यटकों को अलग ही एहसास कराती हैं. सुबह और शाम नदी किनारे रेत पर टहलना मन को शांति से भर देता है. भीड़-भाड़ से दूर यह स्थान उन लोगों के लिए खास है जो प्रकृति के करीब समय बिताना चाहते हैं.

4/7
चूका बीच की सबसे बड़ी खासियत यहां बने लकड़ी के ट्री हाउस हैं. पेड़ों के बीच बने ये घर पर्यटकों को जंगल के बीच रहने का अनोखा अनुभव देते हैं. इसके अलावा बोट राइडिंग के जरिए पर्यटक नदी, जंगल और आसपास के वन्यजीवों का खूबसूरत नजारा देख सकते हैं. रोमांच और सुकून का यह मेल इस जगह को और भी खास बना देता है.

5/7
अगर आपको तस्वीरें खींचने का शौक है तो चूका बीच निराश नहीं करेगा. यहां मौजूद प्राकृतिक दृश्य, नदी का किनारा, जंगलों की हरियाली और खुले आसमान के शानदार नजारे फोटोग्राफी के लिए बेहतरीन बैकग्राउंड तैयार करते हैं. सोशल मीडिया पर शेयर करने लायक आकर्षक तस्वीरें यहां आसानी से क्लिक की जा सकती हैं.

6/7
चूका बीच के सनराइज और सनसेट पॉइंट्स पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र हैं. सुबह सूरज की पहली किरणें जब शारदा नदी की लहरों पर पड़ती हैं तो दृश्य बेहद मनमोहक दिखाई देता है. वहीं शाम के समय डूबते सूरज की सुनहरी रोशनी नदी और जंगलों को एक अलग ही रंग में रंग देती है, जिसे देखना अपने आप में यादगार अनुभव है.

7/7
चूका बीच की यात्रा पीलीभीत टाइगर रिजर्व देखे बिना अधूरी मानी जाती है. यह रिजर्व बंगाल टाइगर के संरक्षण के लिए प्रसिद्ध है. यहां तेंदुए, हिरण, हाथी समेत कई वन्यजीव देखे जा सकते हैं. पक्षी प्रेमियों के लिए भी यह जगह बेहद खास है क्योंकि यहां 300 से अधिक स्थानीय और प्रवासी पक्षियों की प्रजातियां पाई जाती हैं. वाइल्डलाइफ सफारी का अनुभव इस यात्रा को और यादगार बना देता है.
(इस खबर को यूपी Tak के साथ इंटर्नशिप कर रही मान्या पाण्डेय ने लिखा है.)