उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद में बजट पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि सपा ने कभी जनता के लिए अच्छा काम नहीं किया, इसलिए वे बजट के बारे में भी कुछ अच्छा नहीं बोल पा रहे हैं. सीएम योगी ने कहा कि बजट के बारे में समाजवादी पार्टी अच्छा नहीं बोल पाई क्योंकि उनके पास अच्छा करने के लिए समय नहीं था. जब अच्छा किया नहीं, तो अच्छा बोल भी नहीं सकते. सीएम योगी ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज है. अपराधी भयभीत हैं, गरीब को सम्मान मिल रहा है और महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी है.
ADVERTISEMENT
उन्होंने यूपी को 'राम राज्य की आधार भूमि' बताते हुए इसे एक सशक्त, सुरक्षित और समृद्ध प्रदेश के रूप में नई पहचान मिलने की बात कही. सीएम ने बताया कि टाटा टेक्नोलॉजीस के साथ मिलकर 150 आईटीआई को आधुनिक बनाया जा रहा है, जहां एआई (AI), ड्रोन और रोबोटिक्स जैसी तकनीकों पर काम शुरू हो गया है.
वर्तमान में प्रदेश में लगभग 75 विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा के बेहतरीन केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं. सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री मोदी के विजन को दोहराते हुए कहा कि लक्ष्य साल 2029-30 तक उत्तर प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना है, और मौजूदा बजट इसी दिशा में एक बड़ा कदम है.
ADVERTISEMENT









