उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर सियासी बहस लगातार जारी है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान के बाद इस चर्चा को हवा मिली थी, जिस पर खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपने अंदाज में जवाब दिया था. लेकिन अब इस पूरी सियासी बहस में एक ऐसे नेता की एंट्री हुई है, जिसके बयान ने यूपी से लेकर दिल्ली तक सबका ध्यान खींच लिया है. यह बयान बीजेपी के किसी नेता का नहीं, बल्कि इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत का है. संजय राउत ने सीएम योगी की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें एक काबिल नेता और हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताया है. इसके साथ ही उन्होंने यह भी कह दिया कि 'योगी नहीं तो यूपी नहीं'. इंडिया गठबंधन में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी के सहयोगी दल के नेता द्वारा योगी की इस तरह तारीफ किए जाने के बाद अब कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
संजय राउत ने योगी को सराहा
शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को काबिल नेता बताते हुए उनकी खुले दिल से तारीफ की है. राउत ने कहा कि अगर योगी जी ने खुद को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित किया है, तो यह काबिले तारीफ है क्योंकि वे एक काबिल आदमी हैं और हम भी उनसे बहुत प्यार करते हैं. राउत यहीं नहीं रुके, उन्होंने योगी आदित्यनाथ को हिंदुत्व का सबसे ऊंचा चेहरा बताते हुए कहा कि अगर योगी नहीं तो यूपी नहीं और यूपी में योगी जी ही रहेंगे. इसके साथ ही संजय राउत ने योगी के बयान के पीछे की सियासी वजह भी बताई. उन्होंने कहा कि अगर योगी जी ने खुद को मुख्यमंत्री बताया है, तो उन्हें पूरा विश्वास है कि 2027 में यूपी में उनका बहुमत आएगा और जीतकर आने वाले विधायकों में उन्हें समर्थन देने वालों की संख्या सबसे ज्यादा होगी.
केशव और स्वतंत्र देव के बयान
बीजेपी में सीएम चेहरे को लेकर यह बहस डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बयान से शुरू हुई थी. केशव मौर्य ने कहा था कि चुनाव के समय बीजेपी का चेहरा कमल का फूल होता है और चुनाव के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में चुने हुए विधायक सर्वसम्मति से अपना नेता तय करते हैं. उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस को प्राइवेट लिमिटेड पार्टी बताते हुए कहा था कि वर्तमान में योगी जी मुख्यमंत्री हैं, लेकिन आगे वे होंगे या कोई और, यह विधायक तय करेंगे. वहीं, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने साफ कहा था कि 2027 का चुनाव ईमानदार और परिश्रमी नेता योगी जी के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा. उन्होंने सपा शासन की तुलना करते हुए कहा कि योगी राज में कानून का राज है, पारदर्शी नौकरी व राशन मिल रहा है और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे व उद्योगों के लगने से वहां का पलायन और भूख से होने वाली मौतें रुकी हैं. वहीं, सीएम योगी ने भी कहा था कि चेहरा कौन है यह सब जानते हैं और कमल का फूल उनके लिए सब कुछ है.
राउत के बयान के सियासी मायने
भले ही संजय राउत के इस बयान को बीजेपी का आधिकारिक रुख या योगी के नाम पर पार्टी की मुहर नहीं माना जा सकता और इसे उनका व्यक्तिगत बयान कहा जा रहा है, लेकिन इसने यूपी की राजनीति को एक नया मोड़ जरूर दे दिया है. दरअसल, संजय राउत की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) इंडिया गठबंधन का हिस्सा है और उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी भी इसी गठबंधन का एक बड़ा हिस्सा है. ऐसे में सहयोगी दल के एक बड़े नेता द्वारा योगी आदित्यनाथ की तारीफ करना कई बड़े सवाल खड़े कर रहा है. सियासी गलियारों में अब चर्चा इस बात की है कि क्या हिंदुत्व की राह पर चलने वाली शिवसेना इंडिया गठबंधन से अलग कुछ और प्लान कर रही है, या फिर यह विरोधी दलों में भी योगी आदित्यनाथ की बढ़ती स्वीकार्यता है, जो आने वाले चुनाव में अखिलेश यादव के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है.
यह भी पढ़ें: UP IPS Transfer: यूपी में 28 आईपीएस अफसरों का तबादला, चार जिलों को मिले नए पुलिस कमिश्नर
ADVERTISEMENT










