बिजनौर के BJP विधायक ओम कुमार की विधायकी रद्द, हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए दिया 15 दिन का समय

ऋतिक राजपूत

• 04:26 PM • 27 Nov 2026

BJP MLA Om Kumar Disqualified: बिजनौर की नेहटौर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ओम कुमार की विधायकी रद्द कर दी गई है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में हुए उनके निर्वाचन को निरस्त कर दिया है.

Google CTA

BJP MLA Om Kumar Disqualified: उत्तर प्रदेश की सियासत में चुनावी हलचल के बीच बिजनौर जिले से एक बेहद बड़ी खबर सामने आई है. बिजनौर की नेहटौर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक ओम कुमार की विधायकी रद्द कर दी गई है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में हुए उनके निर्वाचन को निरस्त कर दिया है, जिसके साथ ही उनकी विधानसभा सदस्यता तत्काल प्रभाव से समाप्त हो गई है. करीब चार साल बाद आए हाईकोर्ट के इस बड़े फैसले की जड़ में साल 2022 का वह कड़ा मुकाबला है, जिसमें हार-जीत का अंतर महज 258 वोटों का था. कोर्ट ने ओम कुमार को इस आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए 15 दिन की मोहलत दी है. वहीं, अब सबसे बड़ा सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या नेहटौर विधानसभा सीट पर दोबारा उपचुनाव कराया जाएगा.

यह भी देखें...

हलफनामे में आय छुपाने का आरोप

इस कानूनी लड़ाई की शुरुआत साल 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ हुई थी. नेहटौर विधानसभा सीट पर बीजेपी ने ओम कुमार को मैदान में उतारा था, जबकि राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) की तरफ से मुंशीराम चुनाव लड़ रहे थे. मतगणना में ओम कुमार ने मुंशीराम को सिर्फ 258 वोटों के मामूली अंतर से हराया था. इतने कम अंतर से हारने के बाद आरएलडी प्रत्याशी मुंशीराम ने साल 2022 में ही इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक चुनाव याचिका दाखिल की, जिसमें ओम कुमार के साथ नौ अन्य लोगों को भी पक्षकार बनाया गया. याचिका में मुख्य आरोप यह था कि ओम कुमार ने चुनाव आयोग के सामने जमा किए गए अपने चुनावी हलफनामे में वास्तविक आय की जानकारी छुपाई थी. इस मामले में लंबी सुनवाई के बाद जस्टिस सलील कुमार राय की एकल पीठ ने ओम कुमार के निर्वाचन को रद्द कर दिया.

फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे

हाईकोर्ट ने ओम कुमार को इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील दाखिल करने के लिए 15 दिन का समय दिया है. कोर्ट के आदेश के बाद ओम कुमार ने कहा कि वे माननीय उच्च न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हैं. उन्होंने दावा किया कि याचिकाकर्ता ने 2022 के चुनाव में वीवीपैट की पर्चियों में गड़बड़ी होने और रिकाउंटिंग कराकर खुद को विधायक घोषित करने की जो मांग की थी, उसे कोर्ट ने खारिज कर दिया है. ओम कुमार के मुताबिक, उनके 2022 के फॉर्म नंबर 26 में त्रुटिवश कुछ जानकारी भरने से रह गई थी, जिसे आधार मानकर उनका निर्वाचन रद्द किया गया है. उन्होंने साफ किया कि वे जल्द ही सर्वोच्च न्यायालय में अपील दाखिल करेंगे. नियमों के अनुसार, यदि सुप्रीम कोर्ट इस आदेश पर पूर्ण रोक लगा देता है, तो ओम कुमार के सदस्य के अधिकार फिर से बहाल हो सकते हैं.

क्या नेहटौर सीट पर होगा उपचुनाव?

इस घटनाक्रम के बाद सबसे बड़ा सियासी सवाल नेहटौर सीट पर उपचुनाव को लेकर उठ रहा है. आमतौर पर किसी भी विधानसभा सीट के खाली होने पर उपचुनाव कराया जाता है, लेकिन इस मामले में विधानसभा का बचा हुआ कार्यकाल सबसे बड़ा पेच है. मौजूदा उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है. जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 151ए के तहत सामान्य परिस्थितियों में सीट खाली होने के 6 महीने के भीतर उपचुनाव कराना जरूरी होता है, लेकिन इसी कानून में यह प्रावधान भी है कि यदि विधानसभा का कार्यकाल एक साल से कम बचा हो, तो उपचुनाव नहीं करवाया जाता. चूंकि अब कार्यकाल एक साल से कम बचा है, इसलिए नेहटौर सीट पर उपचुनाव होने की संभावना नहीं दिख रही है. हालांकि, अंतिम स्थिति ओम कुमार की सुप्रीम कोर्ट में अपील और निर्वाचन आयोग के फैसले पर ही निर्भर करेगी.

यह भी पढ़ें: UP IPS Transfer: यूपी में 28 आईपीएस अफसरों का तबादला, चार जिलों को मिले नए पुलिस कमिश्नर