यूपी में BJP को बड़ा झटका, बुलंदशहर में शिकारपुर सीट के भाजपा विधायक अनिल शर्मा का हुआ निधन, जानें क्या हुआ था

यूपी तक

02 Sep 2026 (अपडेटेड: 02 Sep 2026, 03:11 PM)

बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह करीब 63 साल के थे और लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे.

UP BJP MLA Anil Sharma

UP BJP MLA Anil Sharma Death News

Google CTA

UP BJP MLA Anil Sharma Death: बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व राज्यमंत्री अनिल शर्मा का बुधवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया. वह करीब 63 साल के थे और लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे. दिल्ली में उनका इलाज चल रहा था. उनके निधन की खबर सामने आते ही बुलंदशहर और खासकर शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी उनके बेटे कुश शर्मा से फोन पर बात कर शोक संवेदना व्यक्त की.

यह भी पढ़ें...

ग्राम प्रधान से शुरू हुआ था राजनीतिक सफर

अनिल शर्मा मूल रूप से शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव सुरजावली के रहने वाले थे. उन्होंने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत गांव की राजनीति से की थी. साल 1989 में वह अपने पैतृक गांव सुरजावली के निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए थे. इसके बाद वह लगातार दूसरी बार भी ग्राम प्रधान बने. गांव से शुरू हुआ उनका राजनीतिक सफर आगे चलकर विधानसभा तक पहुंचा और उन्होंने अलग-अलग चुनावों में अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ बनाई.

BSP के टिकट पर दो बार बने विधायक

साल 2002 में अनिल शर्मा ने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर खुर्जा विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए. साल 2007 में उन्होंने इसी सीट से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की. इसके बाद साल 2012 में उन्होंने शिकारपुर विधानसभा सीट से BSP के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी मुकेश शर्मा के हाथों हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी का रुख किया.

 BJP से जीते चुनाव, योगी सरकार में बने मंत्री

साल 2017 में अनिल शर्मा भाजपा के टिकट पर शिकारपुर विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित हुए. योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री की जिम्मेदारी दी गई. इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने शिकारपुर सीट से जीत दर्ज की और दोबारा विधायक बने. इस तरह गांव के प्रधान से शुरू हुआ उनका सफर विधायक और फिर राज्य मंत्री तक पहुंचा.

पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार

अनिल शर्मा के निधन की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, उनके समर्थकों और क्षेत्रीय लोगों में शोक का माहौल है. बड़ी संख्या में लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंच रहे हैं. बताया जा रहा है कि उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को उनके पैतृक गांव सुरजावली में किया जाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा उनके बेटे कुश शर्मा से फोन पर बातचीत कर संवेदना व्यक्त करने के बाद परिवार और समर्थकों के बीच शोक की स्थिति और गहरी हो गई है.